कश्मीर और लद्दाख में धूप निकलने से लोगों को ठंड से मिली राहत

न्यूनतम तापमान

आरयू वेब टीम। कश्मीर और लद्दाख में सोमवार को ठंड ने लोगों को थोड़ी राहत दी है। आज कश्मीर और लद्दाख के न्यूनतम तापमान में गिरावट आयी, लेकिन मौसम सूखा रहने और धूप निकलने से लोगों को सर्दी से काफी राहत मिली।

मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि कश्मीर में मौसम सूखा रहा। रात को घाटी और लद्दाख क्षेत्र में तापमान में गिरावट आयी। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात के मुकाबले 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

यह भी पढ़ें- बारिश से बढ़ी ठंड तो मुख्यमंत्री ने जनता से कहा, रखें अपना ख्याल, अधिकारियों को ये निर्देश भी दिए

द्रास क्षेत्र में न्यूनतम तापमान छह डिग्री नीचे गिरकर शून्य से 27.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।? उत्तरी कश्मीर के स्की-रिजॉर्ट गुलमर्ग में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में सामान्य तौर पर मौसम सूखा रहने की संभावना है।

बता दें कि लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद पारा गिरने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीते मंगलवार को भूस्खलन की कई घटनाओं के बाद यातायात प्रभावित होने के साथ ही दोनों ही क्षेत्रों में पहाड़ों से बर्फीली हवाएं चल रही थी।

यह भी पढ़ें- ठंड से जा रही जानें, योगी सरकार को परवाह नहीं: राजेंद्र चौधरी