आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के अंबेडकरनगर में शनिवार को जनचौपाल का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होने के लिए डिप्टी सीएम केशव मौर्या भीटी के खजुरी गांव पहुंचे। जहां सपा पर निशाना साधते हुए केपी मौर्या ने कहा कि सपा की पिछली सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थीं और गुंडे-माफिया थाना चलाते थे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पुलिस अपराधियों से डरती थी। इसके विपरीत भाजपा सरकार में अधिकारी अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अपराधी पुलिस से डरते हैं। वह उत्तर प्रदेश छोड़कर भागने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि 2027 छोड़िए, 2047 तक कांग्रेस और सपा के सत्ता में आने के सपने पूरे नहीं होंगे। सपा में कार्यकर्ता नहीं, बल्कि गुंडे हैं।
इस दौरान केशव मौर्या ने कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि गरीब परिवार से निकले नेता देश का नेतृत्व करें। विपक्ष गरीब मां-बाप के बेटे नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नहीं देख सकता। गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। आगे कहा कि सपा सरकार में बिजली आती नहीं थी। भाजपा की सरकार में बिजली जाती नहीं हैं। करोड़ों गरीबों को पक्का घर मिला है। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। प्रदेश में बड़ी संख्या में लखपति दीदी तैयार की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- विधानसभा में केशव मौर्या का दावा, आरक्षण नियमों का उल्लंघन करने वालों को नहीं जाएगा बख्शा
उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। कहा कि संविधान और आरक्षण सुरक्षित हैं। भाजपा सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। 2027 विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों पर कमल खिलाने का आह्वान किया। युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की।




















