कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग ने किया मोहब्‍बत की निशानी ताज का दीदार

मोहब्‍बत की निशानी
ताजमहल के सामने फोटो खिंचवातीं किम जुंग साथ में श्रीकांत शर्मा और रीता बहुगुणा जोशी।

आरयू संवाददाता, 

आगरा। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग सुक बुधवार को आगरा पहुंची। जहां उन्‍होंने आगरा में प्रेम के प्रतीक ताजमहल का दीदार किया। साथ ही उसे यादगार के तौर पर हमेशा याद रखने के लिए फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान उनके साथ यूपी के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा और रीता बहुगुणा जोशी भी मौजूद रहीं।

सुक ने दुनिया की सबसे खूबसूरत इमारतों में शुमार ताजमहल का दीदार करते समय काफी खुश दिखीं। इतना ही नहीं उन्होंने ताज की खूबसूरती को निहारने के साथ उसकी प्रशंसा भी की। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर ताजमहल में सुबह नौ बजे से आम पर्यटकों के लिए बंद रहा।

यह भी पढ़ें- बोले योगी भारत की वास्तु कला का अनमोल रत्न है ताजमहल

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने एएसआइ एक्ट के तहत ताजमहल के बुधवार सुबह ढाई घंटे बंदी का नोटिस जारी किया था। ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी प्रवेश द्वार सुबह नौ से बंद रहे। इन गेटों पर बने टिकट काउंटर से टिकटों की बिक्री एक घंटे पहले यानी सुबह आठ बजे से ही बंद कर दी गई।

यहां बताते चलें कि मंगलवार को अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में किम जुंग सुक बतौर मुख्‍य अतिथि शामिल हुईं। उन्होंने सरयू किनारे दीपोत्सव कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आरती में भी हिस्सा लिया। इस दौरान किम जंग सुक ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने जुलाई में राष्ट्रपति मून जे इन के साथ भारत दौरे पर हमारा बहुत स्वागत किया, इस बार भी व्यस्त कार्यक्रम के बीच हमें पीएम ने समय दिया और हमें भारत आमंत्रित किया इसके लिए हम उनके बहुत आभारी हैं।

यह भी पढ़ें- देश के दस आइकॉनिक साइट्स में ताजमहल और फतेहपुर सीकरी शामिल: रश्मि वर्मा

वहीं मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किम जंग सुक का स्वागत करते हुए कहा, ‘हम सभी जानते हैं कि आज से कई वर्ष पहले अयोध्या की राजकुमारी कोरिया के राजकुमार के साथ विवाह बंधन में बंधी थी। इस स्मृति को न केवल कोरिया ने अच्छे से सहेज रखा है बल्कि भारत के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव भी मजबूत करने का प्रयास किया है। अयोध्या कोरिया का ननिहाल हो गया है, यह हमारे लिए प्रसन्नता की बात है।

यह भी पढ़ें- ताजमहल के दीदार के बाद योगी ने लगाई गेट पर झाड़ू