कार से रौंदकर लखीमपुर खीरी में किसानों की जान लेने पर भड़का विपक्ष, “राहुल, अखिलेश व प्रियंका ने साधा बीजेपी सरकार पर निशाना”

घटना पर भड़का विपक्ष

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। लखीमपुर खीरी में रविवार को धरना दे रहे किसानों पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र ने कार चढ़ा दी। इसमें चार किसानों की मौत हो गई। इसके अलावा कुछ आने लोगों की भी जान जाने की बात कही जा रही है। मृतक किसान बहराइच के बताए जा रहे हैं। वहीं प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। किसानों की मौत पर कांग्रेस-सपा व आप ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

घटना पर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा- ‘जो इस अमानवीय नरसंहार को देखकर भी चुप है, वो पहले ही मर चुका है, लेकिन हम इस बलिदान को बेकार नहीं होने देंगे- किसान सत्याग्रह जिंदाबाद!’

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा देश के किसानों से कितनी नफरत करती है? उन्हें जीने का हक नहीं है? यदि वे आवाज उठाएंगे तो उन्हें गोली मार दोगे, गाड़ी चढ़ाकर रौंद दोगे? बहुत हो चुका। ये किसानों का देश है, भाजपा की क्रूर विचारधारा की जागीर नहीं है। किसान सत्याग्रह मजबूत होगा और किसान की आवाज और बुलंद होगी।

जबकि अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि ”कृषि कानूनों का शांतिपूर्ण विरोध कर रहे किसानों को भाजपा सरकार के गृह राज्य मंत्री के पुत्र द्वारा, गाड़ी से रौंदना घोर अमानवीय और क्रूर कृत्य है। उप्र दंभी भाजपाइयों का जुल्म अब और नहीं सहेगा। यही हाल रहा तो यूपी में भाजपाई न गाड़ी से चल पाएंगे, न उतर पाएंगे।

यह भी पढ़ें- भारत बंद के समर्थन में बोलीं प्रियंका गांधी, पूरा देश किसानों के साथ, प्रधानमंत्री वापस लें काले कानून

वहीं आम आदमी पार्टी (आप) के यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि सत्ता का ऐसा नशा न आपने कभी देखा होगा न सुना होगा। तीन आंदोलनकारी किसानों को मंत्री के बेटे ने गाड़ी से रौंदकर मार दिया। कितने किसानों की शहादत लेंगे मोदी जी? हत्यारों को गिरफ्तार करो सीबीआइ से जांच कराओ परिवार को मुआवजा दो।

क्या था मामला?

दरअसल रविवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के गांव बनवीर में कई योजनाओं के शिलान्यास का कार्यक्रम तय था। इसमें बतौर मुख्य अतिथि उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए। बताया जा रहा है केशव मौर्य का हेलीकॉप्टर जिस हेलीपैड पर उतरना था, वहां सुबह से ही किसानों ने काले झंडे लेकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान कई भाजपा के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे ने धरने पर बैठे किसानों पर कार चढ़ा दी। इसमें चार किसानों की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित किसाना ने बवाल व आगजनी शुरू कर दी। बवाल के दौरान कुछ आने लोगों की भी जान जाने की बात कही जा रही है। उधर घटना से यूपी समेत देश भर के किसानों में रोष है। विभिन्‍न इलाकों से किसानों का जत्‍था लखीमपुर जाने के लिए निकल भी चुका है। देर रात तक राकेश टिकैत भी सड़‍क मार्ग से लखीमपुर खीरी पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर में बवाल, कृषि कानून का विरोध कर रहे किसानों को BJP मंत्री के बेटे की कार ने रौंदा, चार की मौत, बोले, टिकैत सरकार होश में न आई तो भाजपा के एक भी नेता को घर से नहीं निकलने देंगे