कृषि कानूनों के विरोध में उतरा अकाली दल, “सुखबीर, हरसिमरत समेत 15 गिरफ्तार”

कृषि कानून
कृषि कानूनों के विरोध में गिरफ्तारी देते अकाली दल के नेता।

आरयू वेब टीम। शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल और पूर्व केद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर सिंह बादल समेत कुल 15 अकाली नेताओं ने कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारी दी है। शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर किसानों को संबोधित किया। इस दौरान सुखबीर सिंह बादल ने बड़ा एलान भी किया है।

सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अगर पंजाब में उनकी सरकार बनती है। तो वहां कृषि कानून लागू नहीं होंगे। इसके साथ ही उन्होंने कानूनों को लेकर भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। इस दौरान सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी कृषि कानूनों के मामले में कटघरे में खड़ा किया है।

वहीं कृषि कानूनों के खिलाफ शिरोमणि अकाली दल के प्रदर्शन मार्च में पार्टी की नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल भी पहुंची हैं। उन्होंने यहां प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कई किसानों ने अपनी जान गंवा दी और सैकड़ों अब भी दिल्ली के बॉर्डर पर बैठे हैं, लेकिन इस सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। हम अपनी लड़ाई तब तक जारी रखेंगे जब तक तीन कृषि कानून वापस नहीं हो जाते।

यह भी पढ़ें- अगले आदेश तक कृषि कानूनों को लागू करने पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, कमेटी के लिए सुझाए चार नाम

गौरतलब है कि दिल्ली में शुक्रवार को तीनों कृषि कानूनों के एक साल पूरा होने पर अकाली दल प्रदर्शन कर रहा है। इस मौके पर बड़ी संख्या में अकाली दल के कार्यकर्ता जुटे हैं। ये लोग गुरुद्वारा रकाबगंज से संसद भवन तक मार्च निकालने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। संसद की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है ताकि किसी प्रदर्शनकारी को संसद की ओर न जाने दिया जाए। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उन्होंने ऐसी किसी मार्च की इजाजत नहीं दी है। दिल्ली के कई इलाकों में सुबह से लोग लंबे ट्रैफिक जाम से जूझ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- नए कृषि कानूनों को IMF ने बताया बेहतर, कृषि क्षेत्र में इससे आएगा महत्‍वपूर्ण सुधार