KRK को पुलिस ने किया गिरफ्तार, विवादित ट्वीट के चलते एयरपोर्ट पर हुई कार्रवाई

केआरके गिरफ्तार

आरयू वेब टीम। बिग बॉस कंटेस्टेंट रहे कमाल राशिद खान (केआरके) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। केआरके को मलाड पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। विवादों में रहने वाले केआरके के खिलाफ मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया।

कमाल आर खान अपने ट्वीट की वजह से मुश्किलों में फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि केआरके के खिलाफ कार्रवाई एक विवादित ट्वीट के चलते हुई है। मलाड पुलिस ने कमाल आर खान को एयरपोर्ट से डिटेन किया और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

कमाल आर खान को साल 2020 में दर्ज हुए एक केस में मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। केआरके पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर धर्म को लेकर विवादित ट्वीट किए। केआरके के खिलाफ शिकायत युवा सेना के सदस्य राहुल कनाल ने की थी।

जानकारी के मुताबिक, कमाल आर खान के खिलाफ 2020 में एक एफआइआर दर्ज होने के बाद लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। केआरके पर ये भी आरोप है कि उन्होंने दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर और इरफान खान पर अपमानजनक ट्वीट पोस्ट किए थे।

कमाल आर खान को मलाड पुलिस ने आईपीसी 153ए, 294,500,501,505, 67/98 एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। आज पूर्वान्‍ह करीब 11 बजे कमाल आर खान को बोरिवली कोर्ट में पेश किया गया।

यह भी पढ़ें- ड्रग्स केस में कोर्ट ने खारिज की एक्टर अरमान कोहली की जमानत

राहुल कनाल ने कहा मेरी शिकायत पर कमाल आर खान को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस के इस एक्शन का मैं वेलकम करता हूं। वह सोशल मीडिया पर अपमानजनक कमेंट्स करता है और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल करता है। इस तरह का बर्ताव समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। उसे गिरफ्तार करके मुंबई पुलिस ने ऐसे लोगों को एक स्ट्रॉन्ग मैसेज दिया है।

ये पहली बार नहीं है जब कमाल अपने किसी ट्वीट को लेकर मुश्किलों में फंसे हैं। वे अक्सर विवादित ट्वीट्स को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। वे अपने ट्वीट्स में बॉलीवुड के सुपरस्टार्स सलमान खान से लेकर शाहरुख खान को बुरा-भला बोल चुके हैं।

यह भी पढ़ें- मानव तस्करी केस में गायक दलेर मेहंदी को दो साल की सजा, पुलिस ने भेजा जेल