उन्नाव बलात्कार कांड व हत्‍या के दोषी कुलदीप सेंगर की पत्‍नी को भाजपा ने दिया जिला पंचायत चुनाव का टिकट

उन्नाव बलात्कार के दोषी

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने यूपी के उन्नाव में जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी कर दी है। सूची में उन्नाव बलात्कार केस व किशोरी के पिता की हत्‍या के दोषी पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर की पत्‍नी संगीता सेंगर को भाजपा ने अपना प्रत्‍याशी बनाया है।

यह भी पढ़ें- रेप पीड़िता के पिता की हत्‍या के दोषी कुलदीप सेंगर व उसके भाई को दस साल की सजा, दस-दस लाख का मुआवजा भी पड़ेगा देना

भाजपा ने जेल में सजा काट रहे कुलदीप सेंगर की पत्‍नी संगीता को फतेहपुर चौरासी से उन्नाव जिला पंचायत का टिकट दिया है। इससे पहले उन्होंने 2016 में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता था। पार्टी सूत्रों ने बताया है कि उनकी उम्मीदवारी को प्रदेश के भाजपा प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह और महासचिव (संगठन) सुनील बंसल ने मंजूरी दी है।

यह भी पढ़ें- गैंगरेप पीड़िता के एक्सिडेंट मामले में विधायक कुलदीप सेंगर समेत 30 के खिलाफ हत्‍या व साजिश रचने का मुकदमा दर्ज

वहीं इसके पीछे वजह अप्रैल 2018 में कुलदीप सेंगर की गिरफ्तारी के बाद उनके परिवार को इलाके में मिली सहानुभूति बताई जा रही। यहां के कई लोगों का मानना था कि कुलदीप निर्दोष था और उसे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों द्वारा फंसाया गया। लोगों की इन्हीं भावनाओं को ध्यान में रखते हुए संगीता सेंगर को भाजपा ने मैदान में उतारा है। बता दें कि उम्रकैद की सजा पा चुके कुलदीप सेंगर की पिछले साल फरवरी में उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्यता खत्म कर दी गई थी। अभी वह तिहाड़ जेल में बंद है।

भाजपा ने की इन प्रत्याशियों की घोषणा

भारतीय जनता पार्टी ने उन्नाव जिले की 51 जिला पंचायत सीटों पर अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। खास बात तो यह है कि विधानसभा तक पहुंचने का ख्वाब देख रहे तमाम नेता जिला पंचायत सदस्य के लिए जोर आजमाएंगे। संगठन की ओर से जारी की गई लिस्ट में कई चेहरे नए भी हैं, हालांकि पार्टी ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सेंगर को फतेहपुर चौरासी चतुर्थ से प्रत्याशी बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- कुलदीप सेंगर रेपकांड: CBI ने एक IAS समेत दो IPS को भी माना दोषी, तीनों महिला अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश

इसके अलावा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश चंद्र उर्फ आनंद आवस्थी को सिकंदरपुर सरोसी प्रथम से प्रत्याशी बनाया गया है। नवाबगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरुण सिंह औरास द्वितीय से टिकट मिला है। आनंद अवस्थी पूर्व में उन्नाव सदर से विधानसभा सदस्य के लिए चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी। संगीता सिंह सेंगर बांगमरऊ उप चुनाव में भाजपा से टिकट मांग रही थी, हालांकि उन्हें टिकट नहीं मिला था।

यह भी पढ़ें- उन्नाव दुष्कर्म केस: कुलदीप सेंगर को उम्रकैद, 25 लाख रुपए का जुर्माना भी देना होगा