एलडीए का दावा, ‘अनंत नगर के आठ हजार पेड़ों को काटने की जगह करेंगे शिफ्ट, ठेकेदारों पर भी लगाया जुर्माना’

अनंत नगर योजना
इंजीनियरों से निर्माण कार्यों की जानकारी लेते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना में लखनऊ विकास प्राधिकरण अब पेड़ों की कटाई नहीं कराएगा। एलडीए ने योजना के कामों के बीच आ रहे आठ हजार पेड़ों को शिफ्ट करने का दावा किया है, हालांकि इस काम में करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी प्राधिकरण ग्रीन कॉरिडोर समेत कई जगाहों पर पहले फेल हो चुका है। आज एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने अनंत नगर का निरीक्षण कर पेड़ों को शिफ्ट करने का निर्देश दिया है।

वहीं करीब आठ करोड़ की सड़कों का टेंडर होने के लगभग पांच महीना बीतने के बाद भी आज तक काम शुरू नहीं करने पर टेंडर निरस्‍त करने की जगह ठेकेदार पर प्रथमेश कुमार ने मात्र पांच लाख का जुर्माना लगाया है, जबकि काम की स्‍पीड कम रखने वाले दूसरे ठेकेदार पर इससे अधिक साढ़े सात लाख का जुर्माना लगा है।

यह भी पढ़ें- अब काटेगा नहीं, ग्रीन कॉरिडोर के दायरे में आ रहे 166 पेड़ों को एलडीए कराएगा शिफ्ट, कमिश्‍नर रोशन जैकब ने की शुरूआत

पहले रास्‍ते से हटेंगे 2098 पेड़

एलडीए के चीफ इंजीनियर ने मीडिया को बताया कि अनंत नगर योजना में प्रस्तावित 45, 24 व 12 मीटर चौड़ी सड़कों के एलाइनमेंट में करीब आठ हजार पेड़ आ रहें। जिसमें फर्स्‍ट फेज में 2098 पेड़ों को हटाना अनिवार्य है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये हैं कि इन पेड़ों को काटने के बजाये योजना में विकसित होने वाले पार्कों व ग्रीन बेल्ट में शिफ्ट करें। इसके लिए प्राइवेट कंपनी का चयन करते हुए बरसात के मौसम में ही काम पूरा कराएं। उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि पेड़ों की शिफ्टिंग से पहले कास्तकारों को प्रतिकर का भुगतान कर दिया जाए।

एक ठेकेदार को मिला कई सड़कों का काम, फिर भी किया नहीं

वहीं अनंत नगर के कामों के निरीक्षण के दौरान प्रथमेश कुमार को पता चला कि सेक्टर-एक के पॉकेट-ई में 9, 12, 18 व 24 मीटर चौड़ी सड़कों को बनाने का काम एक ही ठेकेदार को दिया गया है। प्राधिकरण को आर्थिक झटका देने वाली दर पर टेंडर होने के करीब पांच महीने बाद भी ठेकेदार ने आज तक काम शुरू ही नहीं किया है। वीसी ने सीएम योगी आदित्‍यनाथ की प्रा‍थमिकताओं में शामिल योजना में ऐसी लेटलतीफी देख संबंधित इंजीनियरों से नाराजगी करते हुए ठेकेदार की फर्म डी.पी. इन्फ्रास्ट्रक्चर पर पांच लाख रूपये का जुर्माना लगाने का आदेश चीफ इंजीनियर को दिया।

यह भी पढ़ें- LDA की अनंत नगर का शुभारंभ कर बोले CM योगी, जितनी देर में आई आवासीय योजना उतनी ही जल्दी मिले जनता को लाभ

इसी क्रम में अनंत नगर के सेक्टर-एक और चार में 45 मीटर चौड़ी सड़क, ट्रेंच, सीवरेज व ड्रेन निर्माण कार्य पर धीमी गति से होता मिला। इसपर वीसी ने कार्यदायी संस्था मेसर्स राजलक्ष्मी इंटरप्राइजेज पर साढ़े सात लाख रूपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया है।

अब इंजीनियरों के भरोसे नहीं रहेंगे वीसी

अनंत नगर में ढेरों लापरवाही मिलने के बाद अब वीसी प्रथमेश कुमार ने खुद ही योजना पर पूरी तरह से नजर बनाने का फैसला लिया है। उपाध्यक्ष ने मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह को हर हफ्ते अनंत नगर योजना का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट उन्‍हें सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही वीसी ने निर्देशित किया कि योजना के सभी सेक्टरों में निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाए। साथ ही बरसात के दृष्टिगत मिट्टी भराई और लेवलिंग आदि के कार्य प्राथमिकता के आधार पर होने चाहिये।

यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल

अक्‍टूबर तक पूरा हो काम

कानपुर रोड से नादरगंज होते हुए अनंत नगर योजना को जोड़ने वाली पांच किलोमीटर की सड़क के चौड़ीकरण, आर.सी.सी. ड्रेन एवं ट्रेंच के काम का भी आज प्रथमेश कुमार ने निरीक्षण किया। उन्‍होंने अगामी अक्‍टूबर तक काम पूरा कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालों को कवर कर दिया जाए, जिससे कि किसी भी तरह के हादसे की संभावना न रहे।

यह भी पढ़ें- लगातार घट रही अनंत नगर के प्‍लॉट की डिमांड, 39 व 25 के बाद एक भूखंड के लिए हुए मात्र 11 रजिस्‍ट्रेशन

निरीक्षण के दौरान वीसी व चीफ इंजीनियर के अलावा प्रभारी अधिकारी (अर्जन) विराग करवरिया, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार, एई विशाल यादव व सहायक अभियंता अतुल मिश्रा के अलावा अंडर ट्रांसफर ईई मनोज सागर समेत अन्य इंजीनियर, ठेकेदार व अन्‍य मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- LDA ऑफिस में ही उड़ी ई-टेंडर की धज्जियां, तबादले के बाद भी जमे बेखौफ इंजीनियर बिना निविदा ही नई बिल्डिंग में करा रहें साढ़े चार करोड़ का रेनोवेशन