लखनऊ जेल में रक्षाबंधन पर बहनों ने बांधी भाई को राखी

रक्षाबंधन
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रक्षाबंधन के त्योहार पर जिला कारागार लखनऊ में बंद भाइयों की कलाई पर राखी बांधने पहुंच रहीं बहनों के लिए जेल प्रशासन ने जेल के बाहर हेल्प डेस्क बनाया। जहां दूर-दराज से आने वाली बहनों और अन्य मुलाकातियों की समस्याओं का समाधान किया गया। रक्षाबंधन को देखते हुए जेल प्रशासन ने मुख्य प्रवेश क्षेत्र के पास हेल्प डेस्क बनाया था, जहां तैनात कर्मचारी बाहर से आने वाली महिलाओं और अन्य मुलाकातियों को जरूरी जानकारी उपलब्ध करा रहे थे।

साथ ही इस जेल प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा के साथ मुलाकात कराने पर विशेष ध्यान दिया। वहीं रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में बहनों के जेल पहुंचने को देखते हुए उनके लिए पानी, मिष्ठान और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की गई है। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी आकस्मिक समस्या से निपटने के लिए मेडिकल डेस्क भी बनाई गई थी।

यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर ओपी राजभर का अखिलेश पर निशाना, पूछा यूपी की बहनों पर आपके गुंडे नहीं रखेंगे गलत निगाह

इसके अलावा जेल प्रशासन की खास पहल यह रही कि जिन बहनों के पास राखी, रोली, अक्षत या मिठाई नहीं थी, उन्हें इन चीजों की व्यवस्था भी कारागार प्रशासन की ओर से कराई गई थी। ऐसे में बाहर से आने वाली बहनों को सामान की कमी के कारण अपने भाइयों को राखी बांधने से वंचित नहीं होना पड़ा।

यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में तीन दिन मुफ्त सफर करेंगी महिलाएं, सीएम योगी ने की घोषणा