लखनऊ की मेयर संयुक्‍ता भाटिया ने सिविल अस्‍पताल में लगवाई कोरोना वैक्‍सीन

महापौर संयुक्ता भाटिया
कोरोना वैक्सीन लगवातीं मेयर संयुक्ता भाटिया।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सोमवार को लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय (सिविल) में कोरोना के वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। वैक्सीन लगवाने के बाद उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है और आप सब भी वैक्सीन अवश्य लगवाएं।

इस दौरान मेयर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद भी दिया। साथ ही उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।’ मेयर ने महिलाओं से दरख्वास्त की सभी वैक्सीन लगवाएं और खुद को सुरक्षित रखें।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के वैक्सीनेशन से होनी थी शुरुआत

गौरतलब है कि इस अभियान की राजधानी में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के वैक्सीनेशन से शुरुआत होनी थी, लेकिन किसी कारण वश राज्यपाल अपना वैक्सीनेशन नहीं करवा पाईं। हालांकि, लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया ने सिविल पहुंच कर अपना वैक्सीनेशन करवाया और अभियान की शुरआत की।

यह भी पढ़ें- कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद बोले ADG प्रशांत कुमार, हमें अपने वैज्ञानिकों पर गर्व

स्वास्थ्य मंत्री और जिलाधिकारी पहुंचे सिविल अस्पताल

वैक्‍सीनेशन की व्‍यवस्‍था का जायजा लेने के लिए आज स्वास्थ्य मंत्री और लखनऊ जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे। महिला दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार ने यूपी के सभी जनपदों में खासकर महिलाओं के लिए तीन वैक्सीनेशन सेंटर्स का इंतजाम किया, जहां महिला स्वास्थ कर्मियों द्वारा महिलाओं का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल, अवंति बाई और बीकेटी में महिलाओं के टीकाकरण के इंतजाम किया गया है।

यह भी पढ़ें- PM मोदी ने लगवाई कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, देशवासियों से कही ये खास बातें