लखनऊ में प्रदर्शन कर कांग्रेस ने उठाई अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की मांग

अंकिता भंडारी हत्‍याकांड
कांग्रेस मुख्‍यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। देश में चर्चित अंकित भंडारी हत्याकांड के खिलाफ विपक्ष लगातार भाजपा सरकार पर सवाल उठा रहा है। आज इसी क्रम में सूबे की राजधानी लखनऊ में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए इस हत्‍याकांड की सीबीआइ जांच कराने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष अजय राय के नेतृत्व में आज कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। जहां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कैंडल जलाकर दिवंगत अंकिता भंडारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा भाजपा सरकार की हीलाहवाली के खिलाफ मौन रखकर विरोध जताया।

इस मौके पर उपस्थित पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अंकित भंडारी हत्याकांड ने उत्‍तराखंड के समेत पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला सत्‍ता के संरक्षण में अपराधियों को बचाने का प्रतीक बनता जा रहा है।

न्‍याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष

अजय राय ने मांग करते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच सीबीआइ से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। इस दौरान प्रदेश अध्‍यक्ष ने दावा किया कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- कुलदीप सेंगर की जमानत के खिलाफ जंतर-मंतर के बाहर प्रदर्शन, पीड़िता व रेपिस्ट समर्थक बीच तीखी बहस

इस मौके पर पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय, जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू, लखनऊ अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, प्रमोद सिंह, विकास श्रीवास्तव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता द्विजेन्द्र त्रिपाठी, बृजेन्द्र सिंह, जियाराम वर्मा, अनुसुईया शर्मा, नितिन शर्मा, संजय सिंह, शीला मिश्रा o सुशीला शर्मा समेत अन्‍य मौजूद रहें।