आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बक्शी का तालाब थाना क्षेत्र में सिपाही की पत्नी ने सुसाइड कर लिया। महिला ने रविवार को हरियाली तीज पर इंस्टाग्राम पर सुसाइड करने का वीडियो पोस्टकर पति, जेठ और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। महिला ने कहा कि पति उससे मारपीट करता है। ससुराल वाले पति की दूसरी शादी कराना चाहते हैं। इस दौरान महिला ने भाजपा सरकार के दावे पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि योगी और मोदी जी कहते हैं कि बेटियां बढ़ाओ-बेटियां बचाओ, लेकिन बेटियां कहीं सुरक्षित नहीं हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक मैनपुरी की रहने वाली सौम्या कश्यप (25) और अनुराग ने चार माह पहले लव मैरिज की थी। पति अनुराग बीकेटी थाने में ईगल मोबाइल में तैनात है और मामपुर बाना में लालता सिंह के मकान में किराए पर सौम्या के साथ रह रहा था। दिन बीतने के साथ ही दोनों झगड़े शुरू हो गए। पति सौम्या से मारपीट करने लगा। जिससे तंग आकर सुसाइड से पहले सौम्या ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर कहा, शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज नहीं लाने पर ताना देते थे। पति अनुराग उसे रोज मारता-पीटता है।
साथ ही आरोप लगाया कि ये लोग दूसरी शादी कराना चाहते हैं। पति के जीजा रायबरेली पीएसी में है, जबकि उनके भाई एडवोकेट हैं। कहते हैं कि इन्हें बचा लेंगे। मुझे टॉर्चर किया जाता है, मारा-पीटा जाता है, दहेज के लिए परेशान किया जाता है। अगर मैं मर जाऊं तो मेरी एक ही प्रार्थना है कि इन लोगों को छोड़ा न जाए। इसके बाद सौम्या ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सौम्या के मायके वालों को घटना की सूचना दे दी है।
यह भी पढ़ें- BDS छात्रा सुसाइड केस में शारदा यूनिवर्सिटी के डीन समेत चार प्रोफेसर सस्पेंड
वहीं इंस्टाग्राम पर सौम्या ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि योगी और मोदी जी कहते हैं कि बेटियां बढ़ाओ-बेटियां बचाओ, लेकिन बेटियां कहीं सुरक्षित नहीं हैं। कुछ नहीं होता इन लोगों का, कोई न्याय नहीं है। इन लोगों के पास पैसा है, कुछ भी कर सकते हैं। मैं थाने भी गई, हर जगह जाकर थक गई। मुझे टॉर्चर करने मरने को मजबूर कर दिया है। सौम्या के चेहरे पर लगे घाव भी दिखे।
इस पूरे मामले में पुलिस कमिश्नरेट की ओर से प्रेस रिलीज जारी किया गया है। मामले में एडीसीपी नॉर्थ ने सोशल मीडिया एक्स पर बयान जारी कर मामले की जांच कराने की बात कही है। यह भी बताया है कि तहरीर मिली है। कार्रवाई की जाएगी।




















