स्कूल बंद करने के खिलाफ AAP ने चलाया ढपोरशंखों को जगाओ… अभियान

ढपोरशंख
प्रदर्शन करते आप नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध में आज एक बार फिर आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर योगी सरकार के खिलाफ अपना प्रदेशव्यापी ‘ढपोरशंखों को जगाओ शंख बजाओ, स्कूल बचाओ अभियान’ तेज किया है। जिसमें कई आप नेताओं ने पुलिस को गिरफ्तारी भी दी।

वहीं लखनऊ में निशातगंज स्थित बजरिया प्राथमिक विद्यालय पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शंख और थालियां बजाकर सरकार को नींद से जगाने की प्रतीकात्मक कोशिश की। इस बीच पुलिस के रोकने पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोंकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा।

इस बीच शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने विरोध प्रदर्शन के दौरान योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार 27,000 शराब की दुकानें खोल रही है, वहीं दूसरी तरफ 27,000 सरकारी स्कूलों को बंद करने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया, “ये डबल इंजन नहीं, ढपोरशंखों की सरकार है, जो बच्चों को अनपढ़ बनाकर रखना चाहती है।” महेंद्र सिंह ने जोर देकर कहा कि आम आदमी पार्टी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देगी और इसके लिए सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी।

साथ ही आप के निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल ने सरकार के इरादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उन बच्चों को अनपढ़ रखना चाहती है जो आर्थिक रूप से कमजोर तबकों से आते हैं, ताकि वे आगे चलकर सवाल न पूछ सकें और आजीवन केवल वोट बैंक बने रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ मत कीजिए। स्कूल बंद करने का निर्णय तुरंत वापस लीजिए।

यह भी पढ़ें- स्कूल बंद करने पर बोले AAP सांसद, शिक्षा विरोधी है योगी सरकार की मानसिकता

पार्टी ने घोषणा की है कि दो अगस्त को लखनऊ के इको गार्डन में एक ऐतिहासिक ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ आयोजित किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने जनता से 7500040004 नंबर पर मिस्ड कॉल करके इस आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की है। आज के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महासचिव ज्ञान सिंह ने किया, जिसमें दिनेश पटेल, महेंद्र सिंह, राकेश तिवारी, अनिल जैन, अनीत रावत, प्रीतपाल सिंह सलूजा सहित कई अन्य प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार के स्कूल बंद करने के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी AAP