लखनऊ में तेज आंधी-बारिश ने ढाया कहर, दीवार गिरने से मासूम की मौत, अलग-अलग घटनाओं में कई घायल

मकान पर गिरी होर्डिंग
मकान पर गिरी विशालकाय होर्डिंग। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ में आज दोपहर एकाएक आई तेज आंधी व बारिश ने खासा कहर बरपाया है। आंधी-बारिश के चलते न सिर्फ लखनऊ में दर्जनों जगह पेड़ होर्डिंग को धाराशाही कर दिया। वहीं दीवार गिरने की चपेट में आने से एक बच्‍चे की जान भी ले ली। दीवार व पेंड व खंभे गिरने से भी कई राहगीर व अन्‍य घायल होकर अस्‍पताल पहुंचे हैं। माल, मलि‍हाबाद, काकोरी व अन्‍य क्षेत्रों के बागों में आम की फसल को भी बेमौसम आंधी-बारिश से बहुत अधिक नुकसान पहुंचा है, हालांकि आंधी-बारिश से लोगों को कुछ हद तक भीषण गर्मी से भी राहत मिली है।

आज अचानक आई आंधी का असर लखनऊ के सभी क्षेत्रों में नजर आया। बताया जा रहा है कि दोपहर में तेज आंधी व बारिश के चलते ऐशबाग क्षेत्र के हबीबनगर में एक दीवार भी गिर गयी। मलबे की चपेट में आने से आठ साल का बच्‍चा व उसकी मां घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां डॉक्‍टरों ने बच्‍चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि मां का इलाज चल रहा है। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।

यह भी पढ़ें- आज से UP में बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया बारिश का एलर्ट

हुसैनगंज के लाल ढंग से लगाई गई विशालकाय होर्डिंग पड़ोसी के मकान पर गिर जाने के चलते मकान एक व्‍यक्ति घायल हो गया, जबकि घर भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्‍त हो गया।

इसी तरह परिवर्तन चौक चौराहे पर भारी पेड़ बिजली के खंभों पर गिर गया जिसकी वजह से वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति भी ठप्‍प हो गई।

इसके अलावा इस्लामिया कालेज लाल बाग, गोमती नगर स्थित हेल्थ सिटी अस्पताल के पास भी तेज हवा से पेड़ गिर गए। अचानक आई धूल भरी आंधी से सड़क पर लोगों का चलना दूभर हो गया। वहीं आंधी के तुरंत बाद हुई झमाझम बारिश ने भी यातायात प्रभावित किया। कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी देखी जा रही है।