लखनऊ में बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा, जल्द सक्रिय होगा मानसून

लखनऊ में बारिश
लखनऊ में बारिश।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी में मानसून की एंट्री हो गई है। मंगलवार को लखनऊ और गाजियाबाद में मानसून की पहली बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल गई है, हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक अच्छी बारिश होने का अभी कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग ने यूपी के नौ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिन में 12 बजे के आसपास आद्रता 62 फीसदी के आसपास थी और तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था। करीब एक बजे तेज हवा चली और उसके बाद बदली छा गई। थोड़ी ही देर में बरसात शुरू हो गई। गोमती नगर, इंदिरा नगर, अलीगंज, छावनी निराला नगर, चारबाग आदि इलाकों में कहीं बरसात तो कहीं बूंदाबांदी हुई। लखनऊ मौसम विभाग हालांकि से मानसून की बरसात नहीं बता रहा है। वह इसे पूर्व मानसून गतिविधियों का हिस्सा मान रहा है।

वहीं गाजियाबाद और नोएडा में मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे के आस-पास करीब आधा घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। लोगों को भारी गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में मानसून 27 जून को पहुंच सकता है। इसलिए तब तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- यूपीवासियों को अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी के नौ जिलों में अगले कुछ घंटे में बारिश हो सकता है। 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लखनऊ के अलावा अमेठी, रायबरेली, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशम्बी और बहराइच में हवा चलने का अनुमान है। इसके अलावा कुशीनगर, देवारिया, बलिया में हल्की बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग का अनुमान 24 घंटे में मिलेगी यूपी को गर्मी से राहत, इन 32 जिलों में होगी बारिश