लखनऊ में BJP कार्यकर्ताओं से बोले राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर बनाई नई पहचान

रक्षा मंत्री
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते राजनाथ सिंह।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे। जहां अपने संसदीय क्षेत्र के ऐशबाग रामलीला मैदान स्थित सभागार में भाजपा मंडल चार के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों और देश की बदलती वैश्विक छवि पर विस्तार से बात की। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान बनाई है।

साथ ही रक्षा मंत्री ने बताया कि साल 2014 में देश की अर्थव्यवस्था का वैश्विक रैंकिंग में 11वां स्थान था, जो अब छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दो से तीन सालों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर भारतीय सेना की कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए इसे 1971 के बाद का सबसे निर्णायक और प्रभावशाली जवाब बताया। उन्होंने भारतीय सैनिकों की बहादुरी और सटीक रणनीति की सराहना की।

इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि संगठन के असली आधार कार्यकर्ता ही होते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और पार्षद कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनते हैं, इसलिए उन्हें पूरा सम्मान मिलना चाहिए। साथ ही कार्यकर्ताओं को सुझाव दिया कि वे जनता से सीधे जुड़ाव रखें और सत्ता का अहंकार न पाले।
यह भी पढ़ें- वो दिन दूर नहीं जब POK खुद लौटकर कहेगा, मैं भारत ही हूं: राजनाथ सिंह
वहीं लखनऊ में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पूरे एशिया में अपने तरह का अनूठा स्टेशन होगा। इसके अलावा लखनऊ एयरपोर्ट की गुणवत्ता का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन की दूसरी एंट्री का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में ब्रह्मोस इंटीग्रेशन सेंटर का उद्घाटन कर बोले राजनाथ सिंह, बहनों का सिंदूर मिटाने वाले आतंकियों को दिया ऑपरेशन सिंदूर से जवाब