दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचीं प्रियंका ने मोदी व योगी सरकार पर बोला हमला, बैठक कर रणनीति भी बनाई

दो दिवसीय दौरे
एयरपोर्ट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बाहर निकलतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंची हैं, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरन प्रियंका ने यूपी में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर चिंता जताई है। साथ ही प्रियंका ने नेताओं के साथ महिलाओं की सुरक्षा तय करने के लिए सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति पर चर्चा की। वहीं उन्होंने 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की। समझा जा रहा है कि देश का सबसे बड़ा राज्य होने के कारण यूपी पर भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी भी ज्यादा है।

बैठक के बाद प्रियंका ने केंद्र की मोदी और उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कई संगीन आरोप लगाएं। उन्‍होंने कहा कि यूपी से रोजाना बलात्कार की खबरें आती हैं, दिल दहल जाता है। अभी उन्नाव में एक लड़की को जला दिया गया। अकेले उन्नाव जिले में 11 महीने में लगभग 90 बलात्कार के मामले सामने आये हैं। यह सब क्यों और कैसे हो रहा? आरोपितों का मनोबल कैसे बढ़ा हुआ है? पीड़िता की सुरक्षा को लेकर आखिर सरकार गंभीर क्यों नहीं है?

यह भी पढ़ें- बड़ी खबर: BJP विधायक पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली किशोरी की कार को ट्रक ने मारी टक्‍कर, मौसी-चाची की दर्दनाक मौत, पीड़िता व वकील की हालत गंभीर

प्रियंका गांधी ने कुलदीप सेंगर और स्‍वामी के चिन्‍मयानंद पर लगे संगीन आरोपों का जिक्र करते हुए मीडिया से कहा कि पहले भी उन्नाव की ही एक लड़की को कैसे भाजपा के एक विधायक मारने की साजिश रचे थे। उस केस का क्या हुआ? शाहजहांपुर के मामले में क्या हुआ? बिल्कुल साफ-साफ उत्तर प्रदेश की सरकार अपराधियों को शह दे रही है। मुख्यमंत्री को सामने आकर जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

बीजेपी सरकार की नीतियों के चलते तकलीफ में है जनता

कांग्रेस महासचिव ने अन्‍य मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्याज 120 रुपया किलो बिक रही है और लहसुन दो सौ रुपया किलो। भाजपा के नेता अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। कोई बोल रहा है कि वे प्याज नहीं खाते। महंगाई की मार जनता पर कभी भी इतनी बुरी नहीं पड़ी थी। जीडीपी की दर गिरकर 4.5 फीसदी हो गयी है। ऐसा कोई सेक्टर नहीं है जहां मंदी की मार न हो। यह सब भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों के कारण है। जनता कष्ट में है। सरकार मौज कर रही है।

युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा तो किसानों को दाम

प्रियंका गांधी ने हमला जारी रखते हुए कहा कि देश ने कभी इस तरह की बेरोजगारी नहीं देखा था। उत्तर प्रदेश बेरोजगारी में सबसे ऊपर है। भर्तियां लटकी हैं। भाजपा के नेता कहते हैं कि युवा लायक नहीं हैं। इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है। आये दिन युवाओं को छला रहा है।

मोदी सरकार पर हमला जारी रखते हुए प्रियंका ने कहा कि किसानों को फसलों का दाम नहीं मिल रहा है। मिर्जापुर से लेकर झांसी तक किसानों की जमीनें जबरन लिया जा रहा है। किसान आत्महत्या कर रहा है। उसे न खाद मिल रही है न पानी। इतना ही नहीं प्राकृतिक आपदा और सरकारी नीतियों की मार खाये अन्नदाताओं को बैंकों की नोटिस भेजी जा रही है। सरकार अपने अमीर दोस्तों का 5.5 लाख करोड़ रुपया माफ कर सकती है, लेकिन किसानों का एक पाई माफ नहीं करना चाहती है। सूट-बूट की सरकार देश बेच रही है।

यह भी पढ़ें- उन्नाव कांड पर बोलीं प्रियंका, महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में UP सबसे आगे, 45 की जगह 80 दिन बीते, नहीं हुआ ट्रायल पूरा

इससे पहले आज पूर्वान्‍ह 11.35 पर प्रियंका कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पहुंची। जहां बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस के मौके पर भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की। इससे पहले एयरपोर्ट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत कांग्रेस के कई बड़े नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी का फूल-मालाओं से स्‍वागत किया।

दो दिवसीय दौरे
भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण करतीं प्रियंका गांधी।

वहीं यूपी की नई कार्यसमिति के गठन के बाद अपनी पहली बैठक में उन्होंने यूपी की कानून-व्यवस्था और महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों पर चिंता जताई। साथ ही चर्चा की गई कि हैदराबाद जैसे हादसे मैनपुरी, उन्नाव, चित्रकूट आदि में रोज हो रहे हैं। अपने पदाधिकारियों के साथ उन्होंने रणनीति बनाई कि कैसे महिलाओं को सुरक्षा दिलाई जाए, इसके लिए सरकार पर कैसे दबाव बनाया जाए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए बताया कि बैठक में प्रियंका गांधी ने 14 तारीख को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की। कांग्रेस देश की अर्थव्यवस्था, घटती विकास दर, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी, किसान आत्महत्या, चौपट उद्योग धंधे, ऑटोमोबाइल सेक्टर में मंदी, आर्थिक मंदी आदि पर केंद्र सरकार को घेरेगी।

राजीव शुक्‍ला ने कहा कि प्रियंका गांधी पहले ही साफ कर चुकी हैं कि यूपी विधानसभा चुनाव में गठबंधन न करते हुए पार्टी का संगठन मजबूत किया जाएगा और कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। 2022 के चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। ब्लॉक स्तर पर कमेटी का गठन होगा। एक साल के भीतर संगठन का ढांचा तैयार हो जाएगा। बीच-बीच में आंदोलन होता रहेगा। कांग्रेस उत्तर प्रदेश के आम आदमी की आवाज बन कर मैदान में उतरेगी।

यह भी पढ़ें- हैदराबाद के बाद UP में हैवानियत, गैंगरेप की शिकार युवती को जिंदा जलाया, केस की पैरवी के लिए उन्‍नाव में घर से निकली थी पीड़िता

गौरतलब है कि प्रदेश संगठन में बदलाव के बाद यह प्रियंका गांधी का पहला यूपी दौरा है। वीवीआइपी अतिथि गृह पहुंचने पर सुश्री गांधी का भव्य स्वागत किया गया। यहां से वह पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल की बेटी दीपा कौल के घर गईं और फिर सीधे कांग्रेस मुख्यालय आ गईं।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्र मोना, जितिन प्रसाद, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, राजीव शुक्ला, आरके चौधरी, प्रदीप जैन आदित्य, दीपक सिंह, बृज लाल खाबरी, इमरान मसूद, डॉ. उमाशंकर पांडेय, डॉ. अनूप पटेल व समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।