महात्‍मा गांधी की याद में एक दिसंबर से 30 जनवरी तक “ग्राम स्वराज अभियान चलाकर” भाजपा करेगी ये पांच काम

ग्राम स्वराज अभियान
भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते स्वतंत्र देव सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को याद करने के साथ ही भाजपा सरकारों की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाएगी। रविवार को बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक में इस बारे में विस्‍तार से खाका खींचा गया। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने जहां बीजेपी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए मोदी व योगी सरकार की योजनाएं ग्रामीणों तक पहुंचाने समेत पांच काम करने को कहा। वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

स्‍वतंत्र देव ने बैठक में कहा कि कार्यकर्ताओं की वजह से ही बीजेपी को साल 2014, 2017 व 2019 के चुनावों में अभूतपूर्व सफलता मिली, बल्कि तपस्वी परिश्रमी, पराक्रम की पराकष्ठा करने वाले कार्यकर्ताओं की बदौलत आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।

यह भी पढ़ें- हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में BJP की जीत को स्वतंत्र देव ने बताया मोदी-योगी सरकार के सुशासन की विजय

इस दौरान प्रदेश अध्‍यक्ष ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि इमर्जेन्सी में बहुत अत्याचार हुए। कई कार्यकर्ता आर्थिक रूप से भी बर्बाद कर दिये गए। राष्ट्रवाद के ध्येय के साथ आप आगे बढ़ें, क्षेत्रवाद, संप्रदायवाद, जातिवाद, भाई भतीजावाद से उठकर भारत को विश्‍व गुरू बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य करिये। आप भी कुशाभाऊ ठाकरे, अटल विहारी बाजपेयी, नरेंद्र मोदी हो सकते है।

सुनील बंसल ने आगामी कार्य योजनाओं के बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि गांधी जी की 150वीं जयंती मनायी जा रही है। एक दिसंबर से 30 जनवरी 2020 राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के निर्वाण दिवस तक भाजपा की ओर से ‘‘ग्राम स्वराज अभियान‘‘ आधारित कार्यक्रम किया जाएगा। मोर्चों के मंडल अध्यक्ष से उपर के कार्यकर्ता दस हजार गांवों में हफ्ते में एक दिन जायेंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता एक गांव में जाकर पांच काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- शिक्षक MLC उमेश द्विवेदी सहित शिक्षकों के कई नेता हुए भाजपा में शामिल

जिसके तहत मोदी व योगी सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, संगठन की दृष्टि से बूथ समिति की बैठक करना, गांव के प्रभावी, प्रबुद्ध व्यक्तियों से बातचीत करना व 30 जनवरी को महात्मा गांधी जी के निर्वाण दिवस पर गांव सम्मेलन कर गांधी जी के विचारों से प्रेरित होकर भाजपा सरकार द्वारा चलाये जा रहे जल संरक्षण, पर्यावरण की रक्षा, सिंगल यूज प्लास्टिक का निषेध, बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं, सबको शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे कार्यक्रमों के बारे में बताएंगें।

साथ ही सुनील बंसल ने आगे कहा कि एक दिसंबर से 30 जनवरी 2020 तक चलने वाले इस अभियान में एक से सात दिसंबर तक जिलों में कार्यशालायें होंगी। 90000 से अधिक राजस्व गांव इस प्रदेश में है, 10000 गांवों में मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ता जाएंगे।

बैठक में बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, महिला मोर्चा अध्यक्ष दर्शना सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुभाष यदुवंश, किसान मोर्चा अध्यक्ष चौधरी राजा वर्मा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष राजेश वर्मा, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष कौशल किशोर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष रामधनी गौड़, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष हैदर अब्बास उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गोबिन्द नारायण शुक्ल ने किया।

यह भी पढ़ें- योगी की कैबिनेट में संविदा शिक्षकों के मानदेय बढ़ोतरी सहित दस प्रस्ताव को मंजूरी