आरयू ब्यूरो, लखनऊ। घर में घुसकर छेडछाड़ व अभद्रता की शिकायत पर पुलिस के आगे सुनवाई न होते देख एक युवती ने मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह करने की कोशिश की। भाई व भांजी के साथ पहुंची युवती खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने जा रही थी, तभी मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला को पकड़ लिया और माचिस छीन ली। जिसके बाद युवती को हिरासत में लेकर पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार 11 बजे के आस-पास उस समय हड़कंप मच गया जब युवती ने मुख्यमंत्री आवास के पास आत्मदाह करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि पीलीभीत के बाजार घाट वैल्हा थाना निवासी युवती अपने सगे बड़े भाई व 17 वर्षीय भांजी के साथ मुख्यमंत्री आवास के सामने पहुंची। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को युवती पर शक हुआ। पुलिकर्मी युवती के पास पहुंचते उससे पहले ही उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। मौके पर तैनात पुलिस ने दौड़कर युवती से माचिस छीन ली। तीनों को पकड़कर गौतमपल्ली थाने को सौंप दिया।
पीड़ित युवती ने मीडिया को बताया कि पीलीभीत की रहने वाली और पेशे से पत्रकार है। मई में उसके घर में घुसकर अभद्रता की गई थी। उन्होंने 14 मई को पीलीभीत के हाजरा थाने में इसकी रिपोर्ट लिखवाई, लेकिन मामले में पुलिस ने अभी तक सही से जांच नहीं किया। परेशान युवती ने यह भी बताया कि पुलिस ने किसी भी आरोपित को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। पीड़ित युवती ने पूरे मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराए जाने की भी मांग की है।
यह भी पढ़ें- पत्नी से परेशान युवक ने की विधानसभा के बाहर की खुद को जिंदा जलाने की कोशिश, लगाया अवैध संबंध बनाने का आरोप
इस संबंध में एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने कहा है कि महिला ने हाजरा थाने में अभद्रता करने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि पुलिस आरोपितों पर कार्रवाई नहीं कर रही, जिससे वह परेशान है। इसी वजह से उसने आत्मदाह करने का प्रयास किया है। साथ ही बताया कि इस मामले में पीलीभीत पुलिस से सूचना मांगी गई है।




















