लंदन में माल्या गिरफ्तार तीन घंटे में मिली जमानत, मजबूती से पक्ष रखेगा भारत

विजय माल्या

आरयू इंटरनेशनल डेस्क।

भारत का भगोड़ा व शराब कारोबारी विजय माल्या को आज भारत सरकार के आग्रह पर स्कॉटलैंड यार्ड ने लंदन में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसे गिरफ्तारी के तीन घंटे के अंदर ही अदालत से जमानत मिल गयी।

माल्या को गिरफ्तार करने के बाद वेस्टमिंस्टर की अदालत में पेश किया गया जहां संक्षिप्त सुनवाई के बाद जमानत मिल गई। माल्या को जमानत मिलने के बाद अब एक बार फिर अपना पक्ष मजबूती से रखेगा, ताकि दोबार उस पर तगड़ा शिकंजा कसा जा सके।

माल्या लोन डिफॉल्ट के मामले में भारत से वांछित है। वह बैंकों का नौ हजार करोड़ का लोन चुकाए बिना ही भारत से भाग गया था। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक को गंभीर आरोप झेलने पड़े थे। माल्या को आज उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह मध्य लंदन थाने में पेश हुआ।

स्कॉटलैंड यार्ड ने कहा मेट्रोपॉलिटन पुलिस की प्रत्यर्पण इकाई ने आज सुबह प्रत्यर्पण वारंट पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। जमानत मिलने के बाद माल्या ने ट्वीट कर कहा कि उम्मीद के मुताबिक अदालत में प्रत्यर्पण मामले में सुनवाई हुई। माल्या ने अपनी गिरफ्तारी को लेकर भारतीय मीडिया में सनसनी फैलाने पर चुटकी भी ली। उसने बाद में एक भारतीय टीवी समाचार चैनल से बातचीत में खुद को बेकसूर बताया।

इससे पहले भारत सरकार को आज ब्रिटिश सरकार से एक संदेश मिला जिसमें कहा गया है कि प्रत्यर्पण वारंट पर विजय माल्या को गिरफ्तार कर लिया गया है। भारत सरकार माल्या के प्रत्यर्पण के लिए काफी दस्तावेज ब्रिटिश सरकार को मुहैया करा चुकी है।

माल्या के खिलाफ भारत की विभिन्न अदालतों से गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुके हैं। उनके खिलाफ सीबीआई ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया हुआ है। वह 17 भारतीय बैंकों के नौ हजार करोड़ रुपए लेकर चंपत होने के आरोपी हैं।