मणिपुर में फिर तेज हुई हिंसा की आग, गोलीबारी में नौ लोगों की मौत, दस घायल

मणिपुर हिंसा

आरयू वेब टीम। मणिपुर में हिंसा की आग फिर से भड़क गई है। खमेनलोक में हुई गोलीबारी हिंसा की नई घटनाओं में नौ लोगों की मौत हुई है, जबकि दस अन्य लोग घायल हो गए हैं। मणिपुर जातीय हिंसा को लेकर एक महीने से अधिक से जल रहा है। हिंसा की नई घटनाओं के बाद कर्फ्यू में दी जा रही छूट को कम किया गया है। बुधवार को भोर में पांच बजे से नौ बजे तक कर्फ्यू में छूट मिली।

वहीं मणिपुर में हिंसा की घटना को लेकर बुधवार दोपहर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि ये घटना पूर्वी इंफाल के खमेनलोक इलाके में हुई है। सुबह तक घटी इस घटना में नौ लोगों की जान जा चुकी है। दस के करीब लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि जिस जगह पर हिंसा रिपोर्ट की गई है, वहां की सुरक्षा की जिम्मेदारी असम राइफल्स के पास है। फिलहाल हिंसा वाले इलाके में हालात काबू में हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात को भारी संख्या में सशस्त्र उपद्रवियों ने एक कूकी गांव में हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और उपद्रवियों के साथ फायरिंग हुई। पुलिस ने बताया कि रात को दस बजे के करीब फायरिंग हुई, इसमें नौ लोगों की मौत हो गई जबकि दस लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

यह भी पढ़ें- मणिपुर: उग्रवादियों से मुठभेड़ में BSF जवान शहीद, दो घायल

बता दें कि मणिपुर में हुई हिंसा अब तक 115 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 हजार लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। पूर्वोत्तर के इस राज्य में पहाड़ी जिलों में रहने वाले कुकी और इंफाल घाटी में रहने वाले मैतई समुदाय के बीच मई में हुई थी। इसके बाद से ही रुक-रुक कर हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। हिंसा को काबू में करने के लिए पुलिस के साथ यहां पर सेना और असम राइफल्स के जवान भी तैनात हैं।

यह भी पढ़ें- मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, कर्फ्यू घोषित, सेना भी बुलाई गई वापस