मोहल्ला क्लिनिक: अब कोरोना पॉजिटिव डॉक्टर के संपर्क में आए 800 लोगों को किया गया क्वारंटाइन

मोहल्ला क्लिनिक
मोहल्ला क्लिनिक। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। देशभर में कोरोना वायरस तेजी से फैलता जा रहा है। वहीं इस संक्रमण ने अब राजधानी दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक में इलाज करने वाला डॉक्टर व उनकी पत्‍नी और बेटी को भी अपनी जद में ले लिया है। वहीं अब  डॉक्टर के संपर्क में आए 800 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में डॉक्टर समेत पांच नए मामले सामने आए है।

इस संबंध में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि पिछले दिनों साउदी अरब से वापस आई महिला के संपर्क में आए चार लोग और एक डॉक्टर कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाया गया है। यह डॉक्टर मोहल्ला क्लीनिक में लोगों का इलाज करते हैं। अब इस डॉक्टर से इलाज के लिए संपर्क में आए 800 लोगों को क्वारेंटीन किया गया है। जैन ने बताया कि इस डॉक्टर की पत्‍नी और बेटी भी कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाई गई है।

यह भी पढ़ें- लॉकडाउन के पहले दिन बोले PM मोदी, महाभारत का युद्ध 18 दिन में जीता गया, कोरोना के खिलाफ युद्ध में लगेंगे 21 दिन

गौरतलब है कि दिल्ली के दिलशाद गार्डन में एक महिला 19 फरवरी को सऊदी अरब गई थी। यह महिला दस मार्च को 19 साल के बेटे के साथ दिल्ली लौटी थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर महिला के भाई ने उसे रिसीव किया। दो दिन बाद महिला को खांसी की शिकायत होती है और पहले नजदीक के एक डॉक्टर से दिखाने के बाद 15 मार्च को उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। 17 मार्च को उसे कोरोना पॉजिटिव केस पाया गया। इस महिला के भाई-मां को 20 मार्च को पॉजिटिव पाया गया। 21 मार्च को उसकी दो बेटियां भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं।

यह भी पढ़ें- भोजन व सहारे की तलाश करने वालों के लिए केजरीवाल सरकार ने किए ये इंतजाम, लोगों से भी कि सहायता की अपील