मॉनसून की विदाई के साथ बदला मौसम, रात में बढ़ी सिहरन

मौसम
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मॉनसून ने उत्तर प्रदेश को अलविदा कह दिया है, जिसके साथ ही मौसम का तेवर भी बदल रहा है। ठंड ने धीरे-धीरे अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। दिन में हल्की धूप और रात में ठंडी हवा जाड़े के आगमन की दस्तक दे रही है। प्रदेश के कई जिलों में दिन और रात के तापमान में करीब दस डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा जा रहा है। खासतौर पर रात के समय सिहरन बढ़ गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक इटावा में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री, जबकि मेरठ, कानपुर और आगरा जैसे जिलों में तापमान 19 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। बाकी जिलों में भी तापमान 20 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। लखनऊ के मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों में मौसम शुष्क और सामान्य रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा और दिन में हल्की धूप लोगों को राहत देगी।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से लौट चुका है। ऐसे में आने वाले पांच दिनों तक राज्यभर में कोई बड़ी मौसमी गतिविधि देखने को नहीं मिलेगी।

यह भी पढ़ें- यूपी से पूरी तरह विदा होगा मानसून, मौसम विभाग ने दी अपडेट

वहीं राजधानी लखनऊ समेत वाराणसी, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली, अलीगढ़, सुल्तानपुर, मिर्जापुर और अन्य कई जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। यहां दिन में धूप निकलेगी और रात व सुबह हल्की ठंडक महसूस की जा सकेगी। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव सामान्य मौसमी चक्र का हिस्सा है। जैसे-जैसे मॉनसून विदा लेता है, तापमान में गिरावट आती है और ठंड धीरे-धीरे दस्तक देती है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में बारिश से मौसम हुआ सुहावना, मिली गर्मी से राहत