आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में लगातार मौसम का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में आ रही गिरावट का दौर शनिवार को भी जारी रहा। आज लखनऊ का तापमान भी इस सीजन का सबसे ठंड दिन दर्ज किया गया, जबकि यूपी में सबसे ठंडा रहा कानपुर जहां पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं जो तीन से चार दिन में करीब तीन डिग्री तक बढ़ सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि प्रदेश में रविवार से लेकर बुधवार तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और फिर कुछ समय के लिए ये नियत रह सकती है। साथ ही बताया कि इसका यह मतलब नहीं है कि गर्मी पड़ेगी, लेकिन गलन में थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। अधिकतम तापमान में ज्यादा परिवर्तन महसूस नहीं होगा।
वहीं एक सप्ताह बाद से एक बार फिर से न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार हैं, जबकि अगले तीन-चार दिन सुबह के समय धुंध रहेगी, लेकिन दिन चढ़ते ही आसमान बिल्कुल साफ हो जाएगा। साथ ही बताया कि सोमवार को न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
यह भी पढ़ें- UP में बढ़ेगी कड़कड़ाती ठंड, पछुआ हवाओं से पांच दिनों में गिरेगा तापमान
इस दौरान आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक ने बताया कि शनिवार को राजधानी लखनऊ का तापमान भी इस सीजन का सबसे ठंड दिन दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया जो कि अब तक का सबसे कम तापमान रहा। लखनऊ के पड़ोसी जनपद बाराबंकी का न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया गया। अयोध्या में भी न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया गया।




















