ठंड ने दिखाए तेवर, पहाड़ों पर बर्फबारी से दिल्ली सहित अधिकतर मैदानी इलाकों के तापमान में आई भारी गिरावट

ठंड ने दिखाए तेवर

आरयू वेब टीम। ठंड ने अब अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की वजह से देश की राजधानी दिल्ली सहित अधिकतर मैदानी इलाकों में शीत लहर चल रही है और तापमान में भारी गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अबतक का सबसे कम तापमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के आयानगर में भी न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, इसके अलावा लोधी रोड़ में तापमान 4.2 डिग्री और सफदरजंग में 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली में ठंड का प्रकोप बना रह सकता है, 18 और 19 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद कम नजर आ रही है।वहीं 17, 18 और 19 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में कुछ जगहों पर भीषण शीत लहर का प्रकोप रह सकता है। अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर या पश्चिम भारत में कहीं भी बरसात की संभावना नहीं है।

वहीं सूबे की राजधानी लखनऊ समेत उत्‍तर प्रदेश के अधिकतर शहरों में भी शीत लहर चलने की वजह से पारे में गिरावट आयी है। हालांकि इससे पहले ही मौसम विभाग ने आज से यूपी में ठंड बढ़ने की चेतावनी जारी की थी।

यह भी पढ़ें- गुरुवार से बढ़ सकती है UP में ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

पिछले हफ्ते उत्तर भारत में पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगहों पर बर्फबारी हुई है तथा कुछ जगहों पर मैदानी क्षेत्रों में बारिश भी देखने को मिली है, पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद अब ठंडी हवाएं चल रहीं, जिस वजह से मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप देखा जा रहा है।

मानसून सीजन के दौरान इस बार देश में सामान्य से ज्यादा बरसात हुई है और मानसून सीजन के बाद भी अबतक सामान्य के मुकाबले अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अब तक बीते पोस्ट मानसून सीजन यानि पहली अक्‍टूबर से 16 दिसंबर तक देशभर में औसत के मुकाबले पांच प्रतिशत ज्यादा बरसात दर्ज की गई है, इस दौरान देशभर में औसतन 121.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर 116 मिलीमीटर बरसात होती है।