आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने एक बार फिर से ठंडक बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की है। वहीं 27 व 28 जनवरी को पूर्वी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत एवं आस-पास के इलाकों में घने कोहरे की संभावना है।
साथ ही मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लखनऊ में सुबह -शाम के समय कहीं-कहीं हल्का व घना कोहरा छाया रहेगा। तेज रफ्तार से उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलती रहेंगी। अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- दो दिन की राहत के बाद फिर पलटेगा यूपी का मौसम
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 व 28 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है तथा कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा भी चल सकती है। वहीं 29 जनवरी से फिर न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी।



















