मुलायम के कुनबे ने सैफई में एक साथ मनाई होली, अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

मुलायम का कुनबा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश के साथ उत्तर प्रदेश में भी होली का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। आपसी प्रेम, सद्भाव और उल्‍लास के रंगों में सभी सराबोर नजर आए। वहीं इटावा के सैफई में समाजवादी पार्टी के मुखिया ने परिवार के साथ फूलों की होली खेली। इस दौरान भारी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। मुलायम सिंह यादव के बिना यह दूसरी होली है जिसमें परंपरा निभाते हुए मुलायम के पूरे परिवार ने एक साथ होली खेली।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, डिंपल यादव ने भी कार्यताओं के साथ फूलों की होली खेली। होली के मौके पर सैफई में मुलायम का पूरा कुनबा साथ दिखा। मंच पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव सहित धर्मेंद्र यादव और परिवार के अन्‍य सदस्य मौजूद रहे। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ पर फूलों से होली खेली गई और चल रहे 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र भी दिया गया।

इस मौके पर डिंपल यादव और अखिलेश यादव ने मंच से संबोधन में शत प्रतिशत मतदान करने के साथ-साथ चुनाव में जुट जाने की अपील भी की। वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, 2024 का चुनाव हमारे और आपके भविष्य का चुनाव है। ये चुनाव भाजपा की विदाई के समय का चुनाव है। भाजपा के लोग उत्तर प्रदेश से आये थे और उत्तर प्रदेश से ही जाएंगे भाजपा के लोग होली पर संकल्प ले कि किसी परिवार वालो को टिकट नही देंगे।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में धूमधाम से मनी होली, ऊंट पर सवार हो निकले डिप्टी सीएम

अखिलेश ने कहा, हम लोगों को कई रंग पसंद हैं, लेकिन कुछ लोगो को सिर्फ एक रंग ही पसंद है। हमारा लोकतंत्र तब मजबूत होगा, जब बहुरंगी रंग में होगा हम लोगो की जिम्मेदारी वोट डालने से लेकर वोट डलवाने तक कि है जो लोकतंत्र में अधिकार दिए हैं कही वो भी यह लोग छीन ना लें, जो कारखाने उत्तर प्रदेश में लगने थे वो गुजरात मे लगा दिए गए हैं और जो ईडी सीबीआई से कमाई जाए वो वसूली है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, लोकसभा चुनाव में महंगाई-बेरोजगारी व भाजपा सरकार के अत्याचार के खिलाफ वोट करेगी जनता