मुंबई में निर्माणाधीन फ्लाइओवर का हिस्सा गिरा, 13 घायल

निर्माणाधीन फ्लाइओवर
निर्माणाधीन फ्लाइओवर का गिरा एक हिस्सा।

आरयू वेब टीम। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स में शुक्रवार को निर्माणाधीन पुल गिर गया। इस हादसे में 13 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व राहत बचाव की टीम ने लोगों को रेस्कयू करने के साथ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार तड़के हुआ। बीकेसी से जेवीएलआर को जोड़ने वाला लोहे का बीम अचानक गिर गया। जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त वहां करीब 24 मजदूर, दो इंजीनियर और दो सुपरवाइजर मौके पर मौजूद थे। हादसे में करीब 13 लोगों को मामूली चोट आई है, जबकि पांच से छह लोगों को गंभीर चोट आई है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला और नजदीकी अस्‍पताल में भर्ती कराया। बचाव कार्य में जुटे फायर‍ ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि घटनास्‍थल की जांच की जा रही है और मलबे में दबे लोगों की आशंका को देखते हुए टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी।

यह भी पढ़ें- भूस्खलन से टूटा पुल, नौ पर्यटकों की मौत, तीन घायल

इस मामले में डीसीपी (जोन 8) मंजूनाथ सिंगे ने बताया कि बीकेसी मुख्य सड़क और सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड को जोड़ने वाले निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा लगभग साढ़े चार बजे गिर गया। इसमें 13 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी भी नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- मुंबई के तीन रेलवे स्टेशन व अमिताभ बच्चन के बंगले पर बम की सूचना से मचा हड़कंप, दो गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आई ये हकीकत