भूस्खलन से टूटा पुल, नौ पर्यटकों की मौत, तीन घायल

भूस्खलन से टूटा पुल

आरयू वेब टीम। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बड़ा हादसा हुआ। यहां भूस्खलन की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, किन्नौर में बटसेरी के गुंसा के पास भूस्खलन के कारण पुल टूट गया, जिसकी चपेट में पर्यटकों की गाड़ी आ गई। पर्यटक छितकुल से सांगला की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में हादसा हो गया। गाड़ी पर पत्थर गिरने से नौ पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं।

बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार पर्यटक दिल्ली-एनसीआर से हिमाचल घूमने आए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। किन्नौर के डीसी आबिद हुसैन सादिक, एसपी एसआर राणा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। उन्हें सीएचसी सांगला रेफर किया गया है। देखिए वीडियो-

भूस्खलन से गांव के लिए बास्पा नदी पर बना पुल भी टूट गया है। यह पुल गांव को देश दुनिया से जोड़ता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़ से भूस्खलन सहित चट्टानें गिरने से कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस घटना पर दुख जताया है।

यह भी पढ़ें- भूस्खलन व बर्फबारी के कारण जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया, “किन्नौर के बटसेरी में पहाड़ी दरकने से हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसकी चपेट में आया पर्यटकों से सवार वाहन, जिसमें नौ की मौत व दो घायल तथा एक अन्य राहगीर के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें।”

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, “मैंने किन्नौर जिला प्रशासन से बात करके हादसे की जानकारी ली व उन्हें उचित दिशानिर्देश दिए। प्रशासन घटनास्थल पर राहत कार्य में जुट गया है तथा प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान की जा रही है। घायल हुए व्यक्तियों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ईश्वर से यही कामना करता हूं। ॐ शांति!

यह भी पढ़ें- भारी बर्फबारी से देश के अन्य हिस्सों के साथ पूरी तरह टूटा कश्मीर का संपर्क