आरयू ब्यूरो, लखनऊ। करीब ढाई सौ करोड़ की लागत (उद्घाटन समारोह खर्च समेत) से तैयार बसंतकुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल (आरपीएस पार्क) में अब लोगों को बिना टिकट खरीदे भी प्रवेश मिल सकेगा। 21 जून से लागू होने वाली इस सुविधा को लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मॉर्निंग वॉकर्स के लिए शुरू की है।
इससे पहले भी आरपीएस की ओर जनता का ध्यान खींचने के लिए एलडीए ने न सिर्फ पार्क में बनें म्यूजियम के किराये में 15 रुपये की कटौती करते हुए उसे 35 रुपये कर दिया था, बल्कि लोगों को लाइव क्रिकेट मैच देखने के लिए भी पार्क में विशालकाय स्क्रीन लगवाई थीं। हालांकि दोनों ही बार एलडीए को कोई खास सफलता नहीं मिली, लेकिन इस बार फ्री इंट्री वाले कदम से उम्मीद है कि 65 एकड़ में निर्मित पार्क में मार्निंग वाकर्स जरूर बड़ी संख्या में पहुंचेंगे।
यह भी पढ़ें- RPS के सामने भी LDA बनाएगा 364 प्रीमियम फ्लैट्स, करोड़पति वाले टैग से बचाने को लगाया जुगाड़, शनिवार से रजिस्ट्रेशन शुरू
आरपीएस में फ्री इंट्री आदेश जारी करने के साथ ही एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने एक बयान जारी कर मीडिया से कहा है कि बसंतकुंज योजना में 65 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में से एक है। यहां बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक एवं योग करने आते हैं। प्रेरणा स्थल में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 15 रूपये टिकट दर निर्धारित है। उपाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत प्रेरणा स्थल में आने वाले मॉर्निंग वॉकर्स को भी प्रवेश शुल्क देना पड़ता था।
यह भी पढ़ें- राष्ट्र प्रेरणा स्थल में लगने लगा प्रवेश टिकट, पहले दिन हुई सवा लाख की बिक्री, नये साल पर 12 लाख की टिकटिंग कर जनेश्वर पार्क रहा नंबर वन
वीसी ने टिकट हटाने के फैसले के पक्ष में तर्क देते हुए आगे कहा कि हाल ही में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह उपस्थित हुये। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने उनसे मांग की कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल में मॉर्निंग वॉकर्स के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की जाए। इस पर रक्षामंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण को जनहित में निर्णय लेने के निर्देश दिये थे। जिसके अनुपालन में मॉर्निंग वॉकर्स के लिए सुबह पांच से आठ बजे तक प्रवेश निःशुल्क कर दिया गया है। उक्त समय अवधि के बाद निर्धारित प्रवेश शुल्क देय होगा।
यह भी पढ़ें- नेताओं की रैलियों के लिए डेढ़ सौ करोड़ खर्च कर LDA बनाएगा राजधानी की सबसे बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिये गये हैं। सम्बंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये हैं। इस व्यवस्था से नागरिकों को बेहतर एवं सुगम वातावरण में स्वास्थ्य सम्बंधी गतिविधियां करने का अवसर मिलेगा।




















