पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा वापस लेकर नवजोत सिद्धू ने खुद को बताया राहुल गांधी व प्रियंका का सिपाही

वापस लिया इस्तीफा
नवजोत सिद्धू। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में जारी विवाद थमता नजर आ रहा है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है, हालांकि काम संभालने के लिए नवजोत सिंह सिद्धू ने कुछ शर्त भी रख दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ में नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि मैंने पंजाब कांग्रेस प्रमुख के रूप में अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष, राहुल और प्रियंका जी के इस सिपाही ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने साथ ही कहा कि जिस दिन नए एडवोकेट जनरल बनेंगे और नया पैनल आ जाएगा, उस दिन मैं ऑफिस जाकर अपना कार्यभार सभालूंगा।

यह भी पढ़ें- नवजोत सिंह सिद्धू ने की आम आदमी पार्टी के नीतियों की जमकर तारीफ, निकाला जाने लगा सियासी मायने

कांग्रेस विधायक नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से चंडीगढ़ में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई। खुद नवजोत सिंह सिद्धू ने अपना इस्तीफा वापस लेने की जानकारी दी और कहा कि वह पार्टी अध्यक्ष और राहुल गांधी के लिए इस्तीफा वापस ले रहे हैं। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी से कैबिनेट विस्तार और कुछ बड़े पदों पर नियुक्तियों को लेकर नाराज चल रहे थे, जिसके बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने इस्तीफा देने के बाद एक वीडियो जारी कर कहा था कि सिद्धांतों पर कायम रहने के लिए कोई भी बलिदान दूंगा। मैंने उस व्यवस्था को तोड़ दिया जहां दागी मंत्रियों और अधिकारियों को रखा गया था। अब दागी मंत्रियों और अधिकारियों को फिर से नियुक्त नहीं किया जा सकता है। मैं ऐसी नियुक्तियों का विरोध करता हूं।

यह भी पढ़ें- सिद्धू ने सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी, कहा 13 मुद्दों पर काम करे पंजाब सरकार