सिद्धू ने सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी, कहा 13 मुद्दों पर काम करे पंजाब सरकार

पंजाब सरकार

आरयू वेब टीम। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने रविवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखा। इस पत्र में सिद्धू ने कुछ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के बारे में बताया, जिन्हें पंजाब सरकार को पूरा करना चाहिए। सिद्धू ने ये पत्र ऐसे समय पर लिखा है, जब उनकी राज्य के मुख्यमंत्री के चरणजीत सिंह चन्नी के साथ तकरार देखने को मिल रही है।

अपने पत्र में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने सोनिया गांधी से कांग्रेस के घोषणा पत्र के लिए 13-सूत्रीय एजेंडा के साथ एक पंजाब मॉडल पेश करने के लिए भी समय मांगा। ये पत्र पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनाव के रेफरेंस में लिखा गया है। इससे पहले शुक्रवार को सिद्धू ने कहा था कि उनकी चिंताओं का समाधान कर दिया गया है और पार्टी ने कहा कि वह राज्य इकाई के प्रमुख के रूप में बने रहेंगे। ये घटनाक्रम सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के कुछ दिनों बाद आया है।

यह भी पढ़ें- इस्तीफे के बाद बोले नवजोत सिद्धू, आखिरी दम तक लड़ता रहूंगा हक व सच की लड़ाई

गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी और सिद्धू के बीच तनाव तब हुआ जब कांग्रेस हाईकमान, चन्नी और रावत ने सिद्धू को ध्यान में रखे बिना पंजाब के नए मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दे दिया। सूत्र के अनुसार राणा गुरजीत सिंह को कैबिनेट में शामिल किए जाने से सिद्धू नाराज थे। उन्होंने यह भी शिकायत की कि सिद्धू के वफादारों में से केवल परगट सिंह को ही उनकी पसंद का पोर्टफोलियो मिला। सिद्धू ने कहा कि उन्हें कैबिनेट विस्तार में हाईकमान द्वारा दरकिनार कर दिया गया और अमरिंदर सिंह के वफादार ब्रह्म मोहिंद्रा को एक बड़ा पद दिया गया।

यह भी पढ़ें- नवजोत सिंह सिद्धू ने की आम आदमी पार्टी के नीतियों की जमकर तारीफ, निकाला जाने लगा सियासी मायने