पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक के आरोप पर सिद्धू ने कहा, ‘पंजाब में जान का खतरा बताना राज्य का अपमान’ रैली में नहीं आई भीड़, तो रचा गया नाटक

रैली में भीड़

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक का आरोप लगाते हुए भाजपा लगातार पंजाब की कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। इस बीच पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इस पूरे मामले पर चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता की। इस दौरान कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाब में जान का खतरा बताना राज्य का अपमान है। इसी के साथ सिद्धू ने भी भाजपा पर कई आरोप लगाए हैं।

सिद्धू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा, ”सड़क से जाने के प्रोग्राम अचानक क्यों बना? फिरोजपुर में होने वाली रैली में भीड़ नहीं आई थी इसलिए पूरा नाटक रचा गया। 70 हजार कुर्सियों पर केवल 500 लोग थे। पंजाब में भाजपा का कोई समर्थन नहीं कर रहा। पंजाब में भाजपा का पर्दाफाश हो गया है।”

नवजोत सिंह सिद्धू ने आगे कहा, ”प्रधानमंत्री जी आप सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के ही नहीं हैं आप सबके प्रधानमंत्री है। आपकी जान की कीमत देश का बच्चा-बच्चा जानता है। आप ये कह कर कि यहां आपकी जान को खतरा था इस राज्य का, इसकी पंजाबियत का अपमान कर रहे हैं।”

यह भी पढ़ें- प्रदर्शन के चलते आधे रास्‍ते से लौटे प्रधानमंत्री मोदी, रद्द करनीं पड़ी फिरोजपुर रैली, बीजेपी ने सुरक्षा में चूक बता, साधा पंजाब सरकार पर निशाना

वहीं नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा,  पंजाब के लोगों ने भाजपा को नकार दिया है। भाजपा को गंदी राजनीतिक खेलनी बंद कर देनी चाहिए। क्या आईबी, सेंट्रल एजेंसी इस चूक की जिम्मेदार नहीं है।” वही उन्होंने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा,  ”दिल्ली में किसान डेढ़ साल तक परेशान होते रहे। किसानों ने विरोध किया, लेकिन हिंसा नहीं की।” इसी के साथ सिद्धू ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी निशाना साधा। उन्होंने उन्हें बीजेपी का तोता बताते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा के पिंजरे में कैद हैं।

प्रेसवार्ता में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, ”भाजपा को राजनीति करना बंद कर देना चाहिए। यहां आपको करारा जवाब मिलेगा। पंजाब में राष्ट्रपति शासन की बात करने वाले आपके (भाजपा) तोते हैं।”

कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक की पूरी घटना उस समय घटी जब पीएम मोदी फिरोजपुर जा रहे थे, हालांकि फिरोजपुर से 30 किलोमीटर पहले ही उनके काफिले को वापस लौटना पड़ा। पीएम का काफिला एक फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो पाया गया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क को ब्लॉक किया हुआ था। प्रधानमंत्री मोदी को 15-20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहना पड़ा।

यह भी पढ़ें- PM मोदी की सुरक्षा में चूक वाले घटनाक्रम पर किसान नेता राकेश टिकैत ने उठाएं सवाल, बताया सहानुभूति बटोरने का सस्ता स्टंट