अब इस देश में लगे भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 6.1 रही तीव्रता

भूकंप के झटके

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। तुर्की और सीरिया में भूकंप की तबाही के बाद न्यूजीलैंड में बुधवार को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। ईएमएससी की जानकारी के मुताबिक, लोअर हट से 78 किमी उत्तर पश्चिम में रिक्टर पैमाने पर 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। न्यूजीलैंड में ये भूकंप बुधवार शाम स्थानीय समयानुसार सात बजकर 38 मिनट पर आया।

यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर के अनुसार, वेलिंगटन के पास लोअर हट से 78 किमी उत्तर पश्चिम में भूकंप आया। सरकारी भूकंपीय मॉनिटर जियोनेट ने कहा कि भूकंप का केंद्र पारापारामू से करीब 50 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में 76 किलोमीटर की गहराई में था।

जियोनेट के मुताबिक, पूरे देश में भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, भूकंप से हुए नुकसान का शाम तक पता नहीं चल पाया था। यह झटके ऐसे समय में आए हैं जब न्यूजीलैंड पहले से ही चक्रवात गैब्रिएल के कारण हुई आपदा से जूझ रहा है। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 10,500 से अधिक लोग विस्थापित हो गए।

गौरतलब है कि न्यूजीलैंड चक्रवात गैब्रिएल के कहर से भी जूझ रहा है। चक्रवात के कारण न्यूजीलैंड के राष्ट्रीय कैरियर ने दर्जनों उड़ानें रद्द कर दी हैं। तूफान के दो हफ्ते बाद देश के सबसे बड़े शहर ऑकलैंड में बाढ़ आ गई और चार लोगों की मौत हो गई थी। बाढ़ के चलते कई इलाके पानी में डूब गए हैं। चक्रवात ‘गेब्रिएल’ की वजह से न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप में बड़े पैमाने पर बाढ़ आई है और भूस्खलन हुआ है।

न्यूजीलैंड में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण 40 हजार से ज्यादा घरों में बिजली गुल हो गई है और जबकि सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। न्यूजीलैंड सरकार ने उत्तरी द्वीप में तूफान के बाद मंगलवार को राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की। न्यूजीलैंड के इतिहास में यह तीसरी बार है जब राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की गई है।

यह भी पढ़ें- अब असम में महसूस किए गए भूकंप के झटके, लोगों में दहशत

बता दें कि सात फरवरी 2023 को तुर्की और सीरिया में आए विनाशकारी भूकंप से दोनों देशों में भारी तबाही हुई है। भूकंप में अब तक मरने वालों की संख्या 35,000 का आंकड़ा पार कर चुकी है। वहीं अभी भी हजारों लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हालात को देखते हुए भारत, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सहित कई देशों ने तुर्की और सीरिया के भूकंप प्रभावित इलाकों के लिए आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें- अब इस राज्‍य में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 3.8 रही तीव्रता