अब इस राज्‍य में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 3.8 रही तीव्रता

गुजरात में भूकंप
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू वेब टीम। तुर्की में भूकंप के जोरदार झटकों के बाद शनिवार को गुजरात के सूरत शहर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। जिसके डर से लोग अपने घर व दफ्तरों से सुरक्षित स्थान पर पहुंचे, हांलाकि बताया जा रहा है कि भूकंप से किसी तरह के जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। सूरत में जिला आपदा प्रबंधन के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि भूकंप का केंद्र अरब सागर में था।

भूकंप विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आइआरएस) के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 3.8 दर्ज की गई है। दूसरी ओर जिला आपदा प्रबंधन के एक अधिकारी ने कहा कि भूकंप 5.2 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया था। इस भूकंप से लोगों में दहशत का माहौल हैं।

गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार राज्य में भूकंप का खतरा बहुत ज्यादा है। गुजरात को भूकंप के लिहाज से हाई रिस्क जोन में रखा गया है। गुजरात में वर्ष 1819, 1845, 1847, 1848, 1864, 1903, 1938, 1956 और 2001 में बड़े भूकंप आ चुके हैं और हजारों लोगों की जान जा चुकी है।

बता दें कि साल 2001 में कच्छ में भूकंप पिछली दो शताब्दियों में भारत में तीसरा सबसे बड़ा था और दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था। इस भूकंप में आधिकारिक तौर पर करीब 13,800 से अधिक लोग मारे गए थे और 1.67 लाख घायल हुए थे।

वहीं बीते सप्ताह तुर्किए और सीरिया में भूकंप के जोरदार झटकों के बाद शनिवार को गुजरात के सूरत में भी धरती हिली। तुर्किए और सीरिया को मिलाकर भूकंप में अभी तक 24 हजार लोगों की जान जा चुकी है।

यह भी पढ़ें- भूकंप से तबाही पर बोले PM मोदी, हर संभव मदद के लिए तैयार, तुर्की के लोगों के साथ खड़े हैं हम