ओपी राजभर ने बदला सुभासपा का चुनाव चिन्ह , इन नेताओं को भी दी अहम जिम्‍मेदारी

सुभासपा चुनाव चिन्‍ह
नए चुनाव चिन्ह की घोषणा करते ओपी राजभर साथ में अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने लोकसभा में मिली हार का ठिकरा अपने चुनाव चिन्‍ह पर फोड़ दिया था। ओम प्रकाश राजभर का आरोप था कि मतदाता छड़ी और हॉकी में अंतर नहीं कर पाए जिससे उनका वोट हॉकी चुनाव चिन्‍ह पर ट्रांसफर हो गया। वहीं सुभासपा ने अपना चुनाव चिह्न बदल दिया है। सुभासपा मुखिया ने सोमवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अब पार्टी का चुनाव चिह्न छड़ी नहीं बल्कि चाबी होगा।

चारबाग स्थित रवींद्रालय में सोमवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। बैठक में सुभासपा सुप्रीमो और योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने पार्टी के नए चुनाव चिह्न की घोषणा की है। अब राजभर की पार्टी छड़ी नहीं बल्कि चाबी का झंडा बुलंद करेगी। सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि पार्टी के लिहाज से उत्तर प्रदेश को चार भागों में बाटा गया है, जिसमें चार मंडल अध्यक्ष और एक प्रदेश अध्यक्ष होगा।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव में बेटे अरविंद की हार पर फिर छलका राजभर का दर्द, कहा हॉकी के कारण हुई हार

राजभर ने आगे कहा कि पार्टी ने एक महीने सदस्यता अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि हम अपनी पार्टी का चिन्ह छड़ी की जगह चाभी बनाने जा रहे हैं। उनकी पार्टी के कुल छह विधायक विधानसभा में हैं। बैठक में सर्वसम्मति से तीन महत्वपूर्ण पदों की पुनः घोषणा की गई जिसमें ओमप्रकाश राजभर को राष्ट्रीय अध्यक्ष और डॉ अरविंद राजभर को राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की घोषणा की गई। साथ ही राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुन राजभर ,प्रदेश अध्यक्ष एवं 25 ज़िलों के जिलाध्यक्षों व विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई।

दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का चुनाव चिह्न उन्ही के लिए समस्या बन गया था। घोसी से पार्टी सुप्रीमो ओपी राजभर के बेटे अरविंद राजभर एनडीए के प्रत्याशी थे, जो सपा के प्रत्याशी से भारी मतों से हार गए थे। ओपी राजभर ने दावा किया था कि वह अपने चुनाव चिह्न के कारण हारे हैं, क्योंकि घोषी सीट पर ही एक अन्य प्रत्याशी लीलावती को हॉकी चिह्न मिला था। वोटिंग करते समय ईवीएम में हॉकी और छड़ी में लोग अंतर नहीं कर सके व हॉकी को अपना मत दे आए थे।

ये बनाए गए पदाधिकारी-

पूर्वांचल– प्रदेश अध्यक्ष बिछेलाल राजभर एमएलसी

मध्यांचल- प्रदेश अध्यक्ष अमरमणि कश्यप बलरामपुर निवासी

पश्चिमांचल- प्रदेश सुजीत बंजारा मुज़फ़्फ़रनगर निवासी

पश्चिमांचल- युवा मंच  प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप बने

बुंदेलखंड-जालौन निवासी संगठन प्रभारी कालूराम प्रजापति बनाया गया

यह भी पढ़ें- मऊ जनसभा में ओपी राजभर ने खुद को बताया मरकहवा सांड, कही ये बातें