सपा नेताओं के साथ बैठक कर अखिलेश ने कहा, भाजपा ने जमकर किया सत्‍ता का दुरुपयोग, किसी सरकार में नहीं हुआ था ऐसा

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ पहुंचे विभिन्न जनपदों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पीडीए इंडिया गठबंधन के सहारे भाजपा को हराने का आह्वान किया। साथ ही भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा की कुनीतियों और कुरीतियों से देश और प्रदेश को बचाना है। भाजपा का दुष्प्रचार जारी है। चारो तरफ लूट मची हुई है।

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा ने सत्ता का जमकर दुरुपयोग किया है, ऐसा तो किसी सरकार में नहीं हुआ था। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा, लोकतंत्र पर हमला जारी है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने देश को कमजोर कर दिया है। अर्थव्यवस्था चौपट है। जनता का हर वर्ग असंतुष्ट है। वहीं समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान को बचाने की बड़ी जिम्मेदारी निभाने के लिए संकल्पित है। 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सावधानी और पूरी सतर्कता से पीडीए इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगी।

भाजपा के झूठे वादों और काले कारनामों…

अखिलेश ने आगे कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा के झूठे वादों और काले कारनामों की सच्चाई से अवगत कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। भाजपा के झूठ की जानकारी हर बूथ स्तर तक सपा के कार्यकर्ता देंगे। कार्यकर्ता अनुशासित रहकर हर बूथ पर मुस्तैदी से भाजपा को हराने का काम करेंगे। विपक्षी कार्यकर्ताओं विशेषकर सपा के निर्दोष कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर उनका हर तरह से उत्पीड़न किया जा रहा है। गरीबों के साथ अन्याय करके उन्हें सताया जा रहा है।

सात हजार शिक्षामित्र गवां चुके जान

सपा सुप्रीमो ने हमला जारी रखते हुए कहा कि भाजपा के सब वादे हवा हवाई है। किसानों की हालत खराब है। भाजपा सरकार में घर-घर बेरोजगार बैठे हैं। सात हजार शिक्षामित्र जान गवां चुके हैं। उत्तर प्रदेश में जो कुछ भी विकास दिख रहा है वह सब समाजवादी सरकार की देन है।

जनहित की सेवाओं को बर्बाद कर दिया

अंतर्राष्ट्रीय स्तर की पुलिस सेवा यूपी डायल 100 और महिला अपराध नियंत्रण के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा, प्रसूताओं को अस्पताल लाने ले जाने के लिए 102 एम्बूलेंस और सड़क दुर्घटना में तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाने के लिए 108 एम्बूलेंस सेवा शुरू की गई थी। भाजपा सरकार ने इन सभी जनहित की सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। भाजपा सरकार से जनहित की किसी भी योजना की उम्मीद करना व्यर्थ है।

यह भी पढ़ें- अकबर नगर में एलडीए की कार्रवाई पर बोले अखिलेश, “घरों पर बुल्‍डोजर चलाने के लिए नहीं होती सरकार, भाजपाईयों ने किया सबसे ज्‍याद अवैध कब्‍जा–निर्माण”

इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, कुंवर देवेन्द्र सिंह पूर्व सांसद, कैलाश यादव पूर्व सांसद, मानपाल सिंह वर्मा पूर्व मंत्री, रणजीत सुमन पूर्व विधायक, नादिरा सुल्तान विधायक,  जीनत खां पूर्व विधायक, वीरेन्द्र सिंह सोलंकी पूर्व विधायक, देवेश शाक्य आदि प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का दावा, नोटबंदी के बाद बढ़ा भ्रष्‍टाचार-कालाधन, भाजपा सरकार की मुक्ति से ही आएगी खुशहाली