आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में पंचायत चुनाव पर जारी सस्पेंस को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर “पंचायत चुनाव लेट हुआ, भाजपा पूरी तरह फेल” जैसे नारों वाले पोस्टर लहराते हुए सरकार के प्रति आक्रोश जताया। साथ ही जल्द से जल्द चुनाव कराने की मांग उठाई।
सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सरकार जानबूझकर पंचायत चुनाव में देरी कर रही है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। राजधानी के व्यस्त हजरतगंज क्षेत्र में हुए इस प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस बल प्रदर्शनकारियों को जबरन सड़क से हटाने के बाद वाहनों में भरकर ईको गार्डेन पहुंचाया। जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। सपाईयों ने मांग की कि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर कराए जाएं और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की धांधली पर रोक लगाने की भी बात कही गई।
यह भी पढ़ें- अखिलेश का दावा, भाजपा व चुनाव आयोग मिलकर कर रहे काम, कार्यकर्ताओं से की सतर्क रहने कि अपील
सपा नेताओं का कहना है कि सरकार चुनाव से बचने के लिए बहाने बना रही है और यह देरी राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। सपा कार्यकर्ताओं ने भी इसी मुद्दे को उठाते हुए समय पर चुनाव कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पंचायत चुनाव की घोषणा नहीं की गई, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।



















