PM मोदी के अहंकार ने किसानों के खिलाफ जवानों को कर दिया खड़ा: राहुल गांधी

स्‍वरा भास्‍कर
किसान पर लाठीचार्ज करता जवान।

आरयू वेब टीम। तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोके जाने के प्रयास को लेकर शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है। राहुल ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहंकार’ ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया है।

राहुल गांधी ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्‍यम से एक सुरक्षाकर्मी द्वारा किसान पर लाठी भांजने से संबंधी एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट कर कहा कि, ‘‘बड़ी ही दुखद फोटो है। हमारा नारा तो ‘जय जवान जय किसान’ का था, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के अहंकार ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया। यह बहुत खतरनाक है।’’

इससे पहले भी राहुल गांधी ने अपने एक ट्वीट में कहा था कि पीएम को याद रखना चाहिए था जब-जब अहंकार सच्चाई से टकराता है, पराजित होता है। सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे किसानों को दुनिया की कोई सरकार नहीं रोक सकती। मोदी सरकार को किसानों की मांगें माननी ही होंगी और काले कानून वापस लेने होंगे। ये तो बस शुरुआत है!

यह भी पढ़ें- कृषि कानून के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों व पुलिस के बीच झड़प, आंसू गैस के दागे गोले

बता दें कि किसान पर लाठीचार्ज करते हुए जवान की ये फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही। जिसपर लोग जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों को शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में दाखिल होने की अनुमति दे दी गई और वे बुराड़ी के मैदान में प्रदर्शन कर सकते हैं। इससे पहले हरियाणा में कई स्थानों पर पुलिस ने किसानों को रोकने के प्रयास के तहत पानी की बौछार और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया।

यह भी पढ़ें- CM पंजाब ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ विधानसभा में पेश किया प्रस्ताव