PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने पर भड़के भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की

वोटर अधिकार यात्रा
प्रदर्शन करतीं भाजपा कार्यकर्ता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के मंच से युवक द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में गुस्‍सा है। शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता वीआइपी गेस्ट हाउस से कांग्रेस मुख्यालय की तरफ बढ़े। हालांकि पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग कर वहीं पर रोक लिया। जहां कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की हुई।

वहीं प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ टिप्पणी और एक महिला का अपमान हम लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे, जिस भाषा में कांग्रेसी और विपक्ष के लोग समझेंगे उसी भाषा में उन्हें समझाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस व भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के बीच में जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस टकराव में भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गईं।

यह भी पढ़ें- बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के समापन में बोले राहुल गांधी, ये चोरी सिर्फ वोटों की नहीं, अधिकारों की भी है

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमित पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को किसी से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। किसी से पूछ लीजिए कि सच्चा राष्ट्रभक्त कौन है? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना स्वार्थ के देश की सेवा में लगे हैं। वह लगातार देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा देश को लूटने का काम किया है। इन्हीं के लोग आज प्रधानमंत्री को गाली दे रहे हैं। कांग्रेस जिस भाषा में जवाब चाहेगी, उसी भाषा में इन्हें जवाब मिलेगा।

मंच खाली देख भाजपा से ही जुड़े युवक ने…

दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिस समय मंच से नरेंद्र मोदी गंदी गाली दी गयी उस वहां राहुल गांधी मौजूद ही नहीं थे, उनकी वोटर बचाओ यात्रा काफी आगे निकल चुकी थीं। मंच खाली देख भाजपा से ही जुड़े युवक ने मोदी को गाली दी थीं और अब भाजपा इसे हथियार बनाकर कांग्रेस को बदनाम करने की नापाक कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें- असम दौरे पर पहुंचे अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला, जरा भी शर्म हो तो मांग लें माफी