महिला हॉफ मैराथन में बोले जेपी नड्डा, पीएम के विजन को धरातल पर उतार रहे सीएम योगी, कांग्रेस-सपा पर भी साधा निशाना

महिला हॉफ मैराथन
महिला हॉफ मैराथन को संबोधित करते जेपी नड्डा।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को दुबग्गा में आयोजित महिला हॉफ मैराथन के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सौ प्रतिशत धरातल पर उतारने का काम कर रहे हैं। सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी आज बीमारू प्रदेश की पहचान से बाहर निकलकर देश के अग्रणी राज्यों की कतार में शामिल हो गया है।

इस दौरान जेपी नड्डा ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल सिर्फ अपने परिवार के विकास की बात कर रहे थे। उनको अब न्याय यात्रा की याद आई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव अब परिवार की बात करने की बजाय देश की जनता की बात करने लगे हैं। इन नेताओं की सोच भाजपा की नीतियों और विकास से बदली है।

…आज वो भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए नड्डा ने विपक्ष को देश को पीछे खींचने वाली ताकत बताया और कहा कि आज देश को आगे ले जाने वालों और पीछे खींचने वालों के बीच स्पर्धा चल रही, जहां इंडिया अलायंस मोदी को रोको-रोको की रट लगाए है, वहीं हमारी स्पर्धा है कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत को आगे ले जाएं। जिन लोगों ने भारत को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी आज वो भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, जिन्होंने अन्याय ही अन्याय किया वो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। जो परिवार से बाहर किसी की कल्पना नहीं करते थे वो अचानक देश की बात कर रहे हैं।

विकसित भारत बनने से हमें कोई रोक नहीं सकता

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को लेकर आयोजित हॉफ मैराथन के इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री देश में केवल चार जातियों के बारे में बात करते हैं, जिनमें सबसे पहले महिला, दूसरी युवा, तीसरी किसान और चौथी जाती है गरीबों की। यदि हम इन चार जातियों को मजबूत करके उन्हें ताकत देते हैं तो विकसित भारत बनने से हमें कोई रोक नहीं सकता।

करोड़ों लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर…

जेपी नड्डा ने महिला, किसान, युवा और गरीबों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि इन्हें जमीन पर अक्षरश: उतारने का कार्य योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बखूबी किया है। यही कारण है कि आज करोड़ों लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर बीपीएल से एपीएल श्रेणी में शामिल हो चुके हैं।

यूपी आज विकास की नई गाथा लिख रहा

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यूपी आज विकास की नई गाथा लिख रहा है। चाहे महिला सशक्तिकरण की बात हो, माफिया राज  और भ्रष्टाचार का अंत हो या इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, इन सभी उपलब्धियों के लिए योगी आदित्यनाथ बधाई के पात्र हैं। मोदी और योगी के नेतृत्व में आगामी लोकसभा चुनाव में यूपी में पूरी की पूरी सीट लेकर आएंगे।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने कहा, अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में स्थापित करना था प्रधानमंत्री का सपना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा, अशोक वाजपेयी, प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना, गिरीश चंद्र यादव, संगठन मंत्री धर्मपाल, विधाय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में बोले नड्डा, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कर रहा विकास