अखिलेश के खिलाफ करहल सीट से मोदी सरकार के मंत्री एसपी बघेल ने किया नामांकन

एसपी सिंह बघेल
नामांकन दाखिल करते एसपी बघेल साथ में अन्य।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। उत्तर प्रदेश की करहल विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्‍याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने यहां से केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को मैदान में उतारा है। अखिलेश यादव के नामांकन दाखिल करने के कुछ देर बाद ही सत्यपाल सिंह बघेल (एसपी सिंह बघेल) ने भी अपना पर्चा भर दिया है।

वहीं अखिलेश यादव के खिलाफ नामांकन दाखिल करने के बाद केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं और संगठन के माध्यम से करहल में कमल खिलेगा। विकास और विनाश के बीच ये चुनाव होगा। मालूम हो कि एसपी सिंह बघेल कभी सपा संरक्षण मुलायम सिंह यादव के सुरक्षा अधिकारी रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव ने दाखिल किया करहल विधानसभा सीट से नामांकन

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का वर्चस्व है। बीते तीन विधानसभा चुनाव से करहल पर सपा उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। सपा ने यहां 2007, 2012 और 2017 में जीत दर्ज की है। इस सीट का प्रतिनिधित्व समाजवादी पार्टी के सोबरन सिंह यादव 2007 से करते आ रहे हैं। 2017 के चुनाव में भाजपा यहां दूसरे नंबर पर रही थी। ऐसे में इस साल क्या इस सीट पर बीजेपी का जादू चलेगा या अखिलेश यादव आसानी से विधानसभा पहुंच जाएंगे, यह देखना दिलचस्प रहेगा।

बता दें कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात चरणों में दस फरवरी से सात मार्च तक मतदान होगा। 2022 के उत्तर प्रदेश चुनाव के नतीजे दस मार्च को घोषित किए जाएंगे। मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुए सपा-बसपा सहित अन्‍य पार्टियों के दर्जनों नेता