आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में बारिश के दौरान हो रहे जल भराव पर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। सपा मुखिया ने कहा कि भ्रष्टाचार के गहरे गड्ढों में भरा पानी भाजपाई घपलों-घोटालों के गोरखधंधे का भंडाफोड़ कर रहा है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार को अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि प्रयागराज में 20 हजार करोड़ खर्च करने के बाद प्रयाग वासियों को जलभराव के सिवा और क्या मिला? भ्रष्टाचार के गहरे गड्ढों में भरा पानी भाजपाई घपलों-घोटालों के गोरखधंधे का भंडाफोड़ कर रहा है। स्मार्ट सिटी की संकल्पना पर पानी फेरने वाले भाजपाई अपनी-अपनी नाव लेकर कहां गायब हो गये हैं।
उत्तर प्रदेश में इन दिनों हो रही बारिश के कारण जलभराव की समस्या हो रही है। इसे लेकर सपा सुप्रीमो सरकार को घेरने में जुटे हैं। उन्होंने इसके पहले गोरखपुर फिर आगरा में जलभराव को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने आगरा में जलभराव की समस्या पर सरकार पर तंज कसा था। जलभराव की समस्या को उठाते हुए योगी के एक वीडियो को अपने फेसबुक अकाउंट से शेयर करते हुए लिखा है- ये भी गोरखपुर नहीं है, ये है भारत की पर्यटन राजधानी स्मार्ट सिटी आगरा! ये तालाब नहीं, सड़क पर जलभराव है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज भारी बारिश और नदियों के उफान की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गंगा और यमुना नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि ससुर खदेरी नदी के उफान ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। शहर के कई इलाकों में रिहायशी कॉलोनियों और सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। करेला बाग जैसे इलाके में लोग अब घर से निकलने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अखिलेश ने पूछा, आतंकी हमले रोकने के लिए क्या कर रही सरकार
वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक शख्स काम पर जाने के लिए नाव चलाते दिख रहा है। उसने कहा, “सुबह आठ बजे से ही करेला बाग में पानी भर गया है। ससुर खदेरी नदी का पानी यहां तक पहुंच चुका है। बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और ऊपर से लगातार बारिश भी जारी है।”