प्रियंका की जनता से अपील, वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान में हो शामिल, हर सिग्नेचर वोट जितना ही महत्वपूर्ण

वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान
वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान से जुड़ने की अपील करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी के खुलासे के बाद से कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन एक्टिव हो गया है। अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जनता से कांग्रेस के ‘वोट चोरी हस्ताक्षर’ अभियान में शामिल होने की अपील कि है। प्रियंका ने कहा कि देश को एक जीवंत लोकतंत्र बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर लड़ना होगा। कांग्रेस देशभर में वोट चोरी को लेकर हस्ताक्षर अभियान चला रही है। ये अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा।

वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, “आपका हर एक हस्ताक्षर, प्रत्येक वोट जितना ही महत्वपूर्ण है। हमारे साथ जुड़ें और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के हमारे लोकतांत्रिक सिद्धांत की रक्षा के लिए अपना समर्थन दिखाएं।” उन्होंने आगे कहा कि “हम प्रत्येक व्यक्ति के मतदान के अधिकार और हमारे उन संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं, जो हमें एक जीवंत लोकतंत्र बनाते हैं।”

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने खुलासा कर कहा, वोट चोरों को बचा रहें ज्ञानेश कुमार, ‘चुनाव आयोग के लोग ही दे रहें जानकारी’

बता दें कि वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस चुनाव आयोग और बीजेपी पर लगातार हमलावर है। हाल ही में कांग्रेस पार्टी ने बिहार में राहुल गांधी के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा निकाली थी। इस दौरान राहुल गांधी 16 दिनों में कुल 20 जिलों की यात्रा की। इस यात्रा की शुरुआत 17 अगस्त को बिहार के सासाराम से शुरू हुई थी और एक सितंबर 2025 को पटना में एक विशाल रैली के साथ समाप्त हुई। राहुल गांधी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई बताया है।

यह भी पढ़ें- वोटर अधिकार यात्रा के समापन में बोले राहुल गांधी, महाराष्‍ट्र-हरियाणा व लोकसभा चुनाव की तरह नहीं होने देंगे बिहार में वोट चोरी