योगी सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रसपा ने किया प्रदर्शन, शिवपाल ने कहा, चरम पर पहुंची महंगाई व भ्रष्‍टाचार

प्रसपा के प्रदेश अध्‍यक्ष
प्रदर्शन करते प्रसपा के नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शनिवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रसपा के प्रदेश अध्‍यक्ष सुंदर लाल लोधी के नेतृत्व में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग स्थित प्रसपा मुख्‍यालय से प्रसपा के नेता व कार्यकर्ताओं ने आज जुलूस निकालते हुए राज्‍यपाल को ज्ञापन सौंपा। साथ ही प्रसपा कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के समीप पहुंचकर योगी सरकार व भाजपा को निशाने पर लेते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्‍याज, लेहसुन की माला पहने के साथ ही हाथों में नारे लिखी तख्‍तियां ले रखी थी।

इस मौके पर प्रसपा मुख्‍यालय पर ‘भगत-लोहिया व समाजवाद’ शीर्षक पर आधारित संगोष्‍ठी आयोजित कर भगत सिंह की जयंती भी मानायी गयी। इस मौके पर भगत सिंह की तस्वीर पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर प्रसपा के संस्‍थापक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भगत सिंह सच्चे राष्ट्रवादी थे। उन्होंने हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन का गठन चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में किया था, जिसका लक्ष्य स्वतंत्र भारत में समतामूलक शोषण विहीन समाजवादी समाज की स्थापना करना था।

नई पीढ़ी को भगत सिंह, लोहिया व समाजवाद के प्रगतिशील पक्ष के बारे में प्रसपा शिविर लगाकर बतायेगी। जो समाजवादी नहीं वो राष्ट्रवादी नहीं हो सकता। भगत सिंह की फांसी का विरोध लोहिया ने बर्लिन में लीग आफ नेशन की बैठक में सत्याग्रह कर किया था। उस समय आरएसएस भगत सिंह की शहादत पर चुप थी। केंद्र और राज्य सरकार को भगत, आजाद, अश्फाक, लोहिया की जयंती व्यापक पैमाने पर मनानी चाहिए।

यह भी पढ़ें- जनहित, शिक्षामित्रों के समायोजन समेत अन्‍य मुद्दों को लेकर प्रसपा ने किया प्रदर्शन, कहा काम नहीं कर सकते तो खाली करो कुर्सी

योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए शिवपाल ने कहा कि इस समय  मंहगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। थाना और कचहरी में लोकतंत्र पल-पल अपमानित हो रहा, जबकि भारतीय जनता पार्टी घमंड में चूर है। प्रसपा कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए शिवपाल ने कार्यकर्ताओं को निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार रहने व आवश्‍यकता पड़ने पर खुद भी गिरफ्तारी देने की बात कही।

भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए शिवपाल ने कहा कि देश पर सवा चार सौ अरब डॉलर का कर्ज चढ़ चुका है। उत्तर प्रदेश के बजट का नौ फीसदी ब्याज चुकाने में जा रहा है। सरकार कर्ज घटाने की बजाय महंगे शो करने में व्यस्त है।

शिवपाल ने प्रसपा के आज के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि इस जुलूस के माध्यम देश व प्रदेश सरकार की दमनकारी नीतियों व निष्ठुर सरकारों की तानाशाही रवैये के विरुद्ध प्रशासन द्वारा राज्यपाल महोदया को ज्ञापन दिया। वर्तमान सरकार ने पेट्रोल, डीजल, प्याज व अन्य खाद्य पदार्थ आम जनता की पहुंच से दूर ही नहीं किया, अपितु निम्न व मध्यवर्गीय परिवारों के मुंह से निवाला भी छीन लिया है।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र नरसंहार को लेकर शिवपाल ने साधा योगी सरकार पर निशाना, उठाई यूपी में गृहमंत्री के नियुक्‍ती की मांग

बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्र ने कहा कि भगत-आजाद के समाजवाद के स्वप्न को लोहिया-जयप्रकाश ने सिद्धांत का रूप दिया जिसे मूर्त रूप देने और सार्थक बहस चलाने के लिए प्रसपा प्रतिबद्ध है। संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुंदर लोधी और संचालन इलाहाबाद विश्‍वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव ने किया। इस दौरान प्रसपा के दिग्‍गज नेता रघुनन्दन सिंह काका समेत इरफान मलिक, प्रो. अल्पना बाजपेई, अर्चना राठौर, इं अरविंद यादव, यशवर्धन सिंह, गौतम सागर राणे ने भी संगो‍ष्‍ठी को संबोधित किया।

वहीं प्रदर्शन में राम सिंह यादव, प्रेम प्रकाश वर्मा, रंजीत यादव, अजय त्रिपाठी ‘मुन्ना’, बीनू शुक्ला, जर्रार हुसैन, शम्मी वोहरा, देवी प्रसाद यादव, जयश्री शुक्ला, हरि शंकर यादव, गयासुल हक, मुलायम सिंह सनी, नईमा बानो सहित प्रसपा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।