पूर्व IAS नवनीत सहगल को मिली प्रसार भारती चेयरमैन की जिम्मेदारी

नवनीत सहगल

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व आइएएस अधिकारी नवनीत कुमार सहगल को प्रसार भारती का चेयरमैन बनाया गया है। नवनीत सहगल सूर्य प्रकाश की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल फरवरी 2020 में समाप्त हो गया था। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। नवनीत सहगल को आज ही पदभार ग्रहण करने को कहा गया है, जिसका कार्यकाल तीन साल का होगा।

सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने जारी आदेश में कहा है कि राष्ट्रपति को चयन समिति की सिफारिश पर पूर्व आइएएस अधिकारी नवनीत कुमार सहगल को प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष (चेयरमैन) के रूप में नियुक्त करते हुए प्रसन्नता है। नवनीत कुमार सहगल पदभार संभालने की तारीख से तीन साल की अवधि या 70 वर्ष की उम्र सीमा में जो भी पहले हो, तब तक होगी। नवनीत सहगल से पहले ए. सूर्य प्रकाश प्रसार भारती के चेयरमैन का पद पर पदस्थापित थे। उनका कार्यकाल फरवरी 2020 में समाप्त हो गया था। तब से यानी चार साल से यह पद खाली था।

यह भी पढ़ें- यूपी के पूर्व मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी को मिली PHD की उपाधि

बता दें कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की अध्यक्षता में देश के सरकारी प्रसारणकर्ता प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष (चेयरमैन) का चयन करने के लिए बैठक की थी। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी हैं। उपराष्ट्रपति प्रसार भारती के अध्यक्ष पद के लिए चयन समिति के प्रमुख होते हैं। इस समिति में भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष और राष्ट्रपति द्वारा नामित एक सदस्य शामिल होते हैं। इस बैठक में भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) रंजना देसाई और सूचना व प्रसारण सचिव संजय जाजू शामिल हुए।

नवनीत सहगल का जन्म साल 1963 में पंजाब के फरीदकोट में हुआ था। नवनीत सहगल की शुरुआती शिक्षा हरियाणा में हुई, क्योंकि इनके पिता यहीं नौकरी करते थे। अंबाला से दसवीं कक्षा पास करने के बाद सहगल ने भिवानी में रहकर इंटर किया। वर्ष 1982 (19 साल की उम्र) में सहगल ने बीकॉम पास किया।

यह भी पढ़ें- मुख्य सूचना आयुक्त बने पूर्व DGP आरके विश्‍वकर्मा, दस राज्य सूचना आयुक्त ने भी ली शपथ