पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का निधन, कल होगा अंतिम संस्‍कार, जानें इनसे जुड़ी कुछ खास बातें

जॉर्ज फर्नांडिस
जॉर्ज फर्नांडिस। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। 

देश के पूर्व रक्षा मंत्री और वरिष्‍ठ समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस का मंगलवार को निधन हो गया है। बीमार चल रहे 88 वर्षीय जॉर्ज फर्नांडिस ने इलाज के दौरान दिल्‍ली के मैक्‍स अस्‍पताल में आज सुबह करीब सात बजे अंतिम सांस ली। परिवार से जुड़े लोगों ने मीडिया को बताया कि पूर्व रक्षा मंत्री अल्जाइमर नामक बीमारी से पीड़ित थे और पिछले दिनों उन्हें स्वाइन फ्लू भी हो गया था। उनकी सहयोगी जया जेटली ने बताया कि अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।

बताते चलें कि पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस ने भारतीय राजनीति में ऐतिहासिक योगदान दिया है, फिर चाहे वह रक्षा क्षेत्र में उठाए गए बड़े कदम हों, या फिर इमरजेंसी के दौरान इंदिरा गांधी की सरकार के खिलाफ आवाज उठाने का मसला हो, जॉर्ज फर्नांडिस ने हमेशा ही बढ़-चढ़कर सत्‍ता तक अपनी बात पहुंचायी।

यह भी पढ़ें- 22 जून से गंगा सफाई के मुद्दे पर अनशन पर बैठे पर्यावरणविद जीडी अग्रवाल का निधन, PM मोदी को लिखा था पत्र

रक्षा मंत्रालय के अलावा फर्नांडिस ने रेलवे और उद्योग जैसे मंत्रालयों में भी अपने काम का लोहा मनवाया था। वो अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान रक्षा मंत्री थे। उन्‍होंने रक्षा क्षेत्र में कई अहम फैसले लिए। उनके रक्षा मंत्री रहते हुए कारगिल युद्ध और पोखरन परमाणु परीक्षण हुआ था। साथ ही वो पहली गैर कांग्रेसी सरकार यानि जनता पार्टी की सरकार में उद्योग मंत्री भी थे। इसी दौरान उन्होंने अमेरिकी कंपनियों आइबीएम और कोका कोला को देश छोड़ने के लिए कहा दिया। वह जनता दल के एक प्रमुख सदस्य थे और बाद में समता पार्टी के फाउंडर भी रहे।

यह भी पढ़ें- नहीं रहें दुनिया को ब्लैक होल और बिग बैंग की थ्योरी समझाने वाले स्टीफन हॉकिंग

जॉर्ज फर्नांडीज का जन्म तीन जून 1930 को मंगलुरु में कैथोलिक परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम जॉन जोसेफ फर्नांडीज था और उनकी माता का नाम एलिस मार्था फर्नांडीस था। उनकी मां किंग जॉर्ज फिफ्थ की बड़ी प्रशंसक थीं। उन्हीं के नाम पर अपने छह बच्चों में से सबसे बड़े का नाम उन्होंने जॉर्ज रखा था।

दस भाषाओं के जानकार थे जॉर्ज फर्नांडिस

जॉर्ज फर्नांडिस दस भाषाओं के जानकार थे। उन्‍हें हिंदी के अलावा अंग्रेजी, तमिल, मराठी, कन्नड़, उर्दू, मलयाली, तुलु, कोंकणी और लैटिन भाषा आती थी। 1967 से 2004 तक जॉर्ज फर्नांडिस ने कुल नौ लोकसभा चुनाव भी जीते।एक सांसद के तौर पर उनका आखिरी कार्यकाल राज्यसभा में अगस्त 2009 और जुलाई 2010 के बीच में था।