प्रसपा की पहली कार्यकारिणी बैठक में BJP, सपा व बसपा पर बरसे शिवपाल, कही ये खास बातें

प्रदेश कार्यकारणी
बैठक को संबोधित करते शिवपाल सिंह यादव।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की पहली प्रदेश कार्यकारणी की बैठक मंगलवार को प्रसपा कार्यालय पर आयोजित की गयी। बैठक में पार्टी की ओर से आर्थिक व राजनीतिक प्रस्ताव को पेश किया गया। जिसका पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने ध्वनिमत से समर्थन किया।

वहीं बैठक में मौजूद पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव ने आज भाजपा के साथ सपा व बसपा पर जमकर हमला बोला। इस दौरान शिवपाल के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रहे।

खत्‍म हुआ बीजेपी का इकबाल, भाइयों-बहनों बोलने वाले प्रधानमंत्री को भी नहीं सुनना चाहता कोई

शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा को जनता नकार चुकी है, यही वजह है कि भाजपा के साथ ही नरेंद्र मोदी का इकबाल अब खत्‍म हो चुका है। तंज कसते हुए शिवपाल ने आगे कहा कि अब भाइयों-बहनों बोलने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोई सुनना भी नहीं चाहता। साथ ही आज देश विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। किसान, मजदूर, अल्पसंख्यक, युवा, महिलाएं, व्यवसायी सभी दुखी हैं। इनकी परेशानी कोई सुनने वाला नहीं है।

बेमेल है गठबंधन, मायावती ने कभी नहीं किया समाजवादियों का सम्मान

सपा व बसपा पर निशाना साधते हुए प्रसपा प्रमुख बोले कि इनका गठबंधन बेमेल है, सच तो यह है कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने कभी समाजवादियों का सम्मान नहीं किया, बल्कि बसपा सरकार में तो उनपर बहुत जुल्म ढाए गए।

जल्द ही चकनाचूर होगा अहंकार

गठबंधन पर हमला जारी रखते हुए शिवपाल ने कहा कि स्वार्थ में लिया गया फैसला है, जिसका नतीजा न सिर्फ चुनावी परिणाम में देखने को मिल जायेगा, बल्कि सपा-बसपा गठबंधन पर जिन्हें अहंकार है वह जल्द ही चकनाचूर हो जायेगा।

यह भी पढ़ें- शिवपाल का मायावती पर पलटवार, मुस्लिमों का वोट लेकर भाजपा की गोद में बैठने वाले लगा रहें आरोप, अखिलेश को भी दी ये नसीहत

हमारे साथ है जनता

वहीं इस खास मौके पर अपने पार्टी के पदाधिकारियों से शिवपाल यादव ने कहा कि हमारे सामने चुनौतियां बहुत हैं। हमारे ऊपर हमले भी बहुत हुए हैं, लेकिन हमें घबराने की जरुरत नहीं है, क्योंकि जनता हमारे साथ है।

संघर्ष के दम पर हमने बदली हैं सरकारें

अपने संगठन की सफलता पर बात करते हुए प्रसपा मुखिया ने आगे कहा कि हमने मात्र तीन महीने से कम समय में जिस तरह का संगठन खड़ा किया है, वह न सिर्फ एतिहासिक है, बल्कि उन्‍हें अपने पार्टी के पदाधिकारियों पर पूरा भरोसा है। आज की राजनीत पर बात करते हुए शिवपाल बोले कि अब राजनीतिक पार्टियां सड़कों पर आने की जगह बजाय बंगलों की राजनीति कर रही हैं। हम समाजवादी लोग हैं, हमने आंदोलन कर हमेशा खुद को साबित किया है। संघर्ष के दम पर हमने सरकारें बदली हैं और सत्ता में भी आये हैं।

ये पदाधिकारी रहें मौजूद

प्रदेश कार्यकारणी की पहली बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सैय्यद शादाब फातिमा, प्रदेश अध्यक्ष सुन्दर लाल लोधी, पूर्व मंत्री शारदा प्रसाद शुक्ला, महासचिव रामनरेश मिनी, प्रमुख महासचिव वीर पाल सिंह यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष फरहत हसन खां, राष्ट्रीय प्रवक्‍ता शिव कुमार बेरिया, मुख्य प्रवक्‍ता डॉ. सीपी राय, प्रसपा बौद्धिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्र, महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना राठौर, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष शम्मी वोहरा, प्रदेश महासचिव अभिषेक सिंह आशू, प्रदेश महासचिव अनीता श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री कमाल युसूफ मलिक, पूर्व मंत्री  जयप्रकाश यादव, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व विधायक मानिक चन्द्र यादव, पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता, लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन कोहली, प्रवक्‍ता इरफान मलिक सहित अन्‍य पदाधिकारी मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले शिवपाल का अहम फैसला, सुंदर लाल लोधी को सौंपी प्रसपा के प्रदेश अध्‍यक्ष की कमान