राहुल द्रविड़ ने छोड़ा राजस्थान रॉयल्स का साथ, मुख्य कोच का कार्यकाल पूरा

राहुल द्रविड़
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ अब इंडियन प्रीमियर लीग की टीम राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा नहीं रहेंगे। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को आधिकारिक रूप से जानकारी दी कि द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त हो गया है। सोशल मीडिया पर जारी बयान में टीम ने बताया कि आइपीएल 2026 से पहले द्रविड़ मुख्य कोच की भूमिका से अलग हो चुके हैं।

वहीं बयान जारी कर कहा, राजस्थान रॉयल्स से घोषणा करती है कि आइपीएल 2026 से पहले मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने अपना कार्यकाल पूरा कर लिया है। द्रविड़ कई वर्षों तक रॉयल्स के सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। उनकी लीडरशीप ने कई खिलाड़ियों पर प्रभाव छोड़ा है। फ्रेंचाइजी संरचनात्मक समीक्षा के हिस्से के रूप में राहुल को फ्रेंचाइजी में एक बड़े पद की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं करने का फैसला किया है। राजस्थान रॉयल्स, उसके खिलाड़ी और दुनियाभर के लाखों प्रशंसक फ्रेंचाइजी के लिए राहुल की उल्लेखनीय सेवा के लिए उनको धन्यवाद देते हैं।

गौरतलब है कि द्रविड़ को बीते वर्ष सितंबर में राजस्थान का मुख्य कोच बनाया गया था। इससे पहले वह भारतीय टीम को 2024 टी20 विश्व कप में चैंपियन बना चुके थे। द्रविड़ का राजस्थान से पुराना जुड़ाव रहा है। आईपीएल के शुरुआती दौर में उन्होंने इस टीम की कप्तानी की थी और 2012-13 में टीम का नेतृत्व किया था। इसके अलावा, 2014 और 2015 में वह फ्रेंचाइजी के मेंटर भी रहे। बाद में 2016 में वह दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) से जुड़ गए थे। करीब एक दशक बाद जब वह दोबारा राजस्थान से जुड़े तो उम्मीदें बड़ी थीं, लेकिन यह कार्यकाल एक साल भी पूरा नहीं कर पाया।

यह भी पढ़ें- 16 साल बाद क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने IPL से लिया संन्यास

राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन आइपीएल 2025 में अच्छा नहीं रहा था और वह प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। द्रविड़ के मुख्य कोच के रूप में टीम से जुड़ने के बाद राजस्थान को काफी उम्मीदें थी, लेकिन टीम उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी थी। राजस्थान की टीम पिछले आइपीएल सीजन में 14 मैचों में चार जीत और दस हार के साथ आठ अंक लेकर नौवें स्थान पर रही थी।

यह भी पढ़ें- श्रेयस अय्यर न सिराज, BCCI ने एशिया कप 2025 के लिए की टीम इंडिया की घोषणा