राज्यपाल ने दिलाई दस राज्य सूचना आयुक्‍तों को शपथ, जानें इनके बारें में

राज्‍य सूचना आयुक्‍तों
शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त राज्‍य सूचना आयुक्तों के साथ राज्यपाल, सीएम व वरिष्ठ अधिकारीगण।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। हाल ही में नियुक्‍त किए गए दस राज्‍य सूचना आयुक्‍तों ने मंगलवार को शपथ ग्रहण कर ली है। यूपी के राज्यपाल राम नाईक ने आज राजभवन में आयोजित एक समारोह में नवनियुक्‍त सुबेश कुमार सिंह, रचना पाल, सुभाष चंद्र सिंह, हर्षवर्धन शाही, अजय कुमार उप्रेती, किरन बाला चैधरी, चंद्रकांत पाण्डेय, प्रमोद कुमार तिवारी, नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और राजीव कपूर को शपथ ग्रहण करायी।

यहां बताते चलें कि ये पहला मौका है जब यूपी में दस राज्य सूचना आयुक्‍तों की एक साथ नियुक्ति हुई और उन्हें शपथ दिलाई गई। उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग में एक अध्यक्ष और दस सूचना आयुक्‍त का प्रावधान है।

यह भी पढ़ें- देश के 23वें मुख्य चुनाव आयुक्‍त के रूप में सुनील अरोड़ा ने संभाला कार्यभार, जानें इनसे जुड़ी खास बातें

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय, मुख्य सूचना आयुक्‍त जावेद उस्मानी, पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह, अपर मुख्य सचिव राज्यपाल हेमन्त राव, नवनियुक्‍त राज्य सूचना आयुक्‍तों के परिजन सहित अन्य विशिष्टजन भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सूचना आयुक्‍त जावेद उस्मानी ने किया।

(1)- सुबेश कुमार सिंह भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जिन्हें सहारनीय सेवा के लिए दो बार राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक सहित कुल सात पदक प्रदान मिल चुके हैं।

(2)- रचना पाल समाज सेवा के क्षेत्र से हैं।

(3)- सुभाष चंद्र सिंह वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें अनेक प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेखन तथा संपादन का करीब तीन दशकों का लंबा अनुभव है।

(4)- हर्षवर्धन शाही वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो अनेक प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में संवाददाता रहे है तथा पत्रकारिता का 33 साल का लंबा अनुभव है।

(5)- अजय कुमार उप्रेती भी पत्रकार हैं। अजय कुमार को समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं में कार्य करने का करीब 20 साल का तर्जुबा है।

(6)- इसके अलावा किरन बाला चौधरी भी वरिष्ठ पत्रकार हैं। किरन बाला ने  पत्रकारिता के क्षेत्र में ज्वलंत समस्याओं को उठाने के साथ ही महिलाओं के लिये कुटीर उद्योग, उनकी स्वास्थ्य सेवायें, चिकित्सा कैंप व अन्य सामाजिक सेवा के कार्य किये हैं।

(7)- चंद्रकांत पाण्डेय भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जिन्हें प्रशासन, शांति व्यवस्था, विकास, न्याय एवं विधि क्षेत्र में कार्य का अच्छा अनुभव है।

(8)- वही प्रमोद कुमार तिवारी भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी रहे हैं, जिन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए साल 2003 व 2012 में राष्ट्रपति का पुलिस पदक प्रदान किया गया है।

(9)- जबकि शपथ ग्रहण करने वाले नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव वरिष्ठ पत्रकार हैं। नरेंद्र कुमार को विभिन्न समाचार पत्रों के अलावा समाचार एजेंसी में भी काम करने का लंबा अनुभव है।

(10)- राजीव कपूर भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जिन्हें अनेक महत्वूपर्ण विभागों एवं संस्थाओं में कार्य करने का अनुभव है।

यह भी पढ़ें- लोकलुभावन नहीं, लोककल्याणकारी है बजट, सभी वर्गों का रखा गया ध्‍यान: योगी